22.1 C
Lucknow
Thursday, September 24, 2026

सत्य भारती स्कूल में स्वास्थ्य जांच शिविर, तंबाकू के दुष्प्रभावों के प्रति बच्चों को किया जागरूक

Must read

फर्रुखाबाद। क्षेत्र के ज्योना स्थित सत्य भारती स्कूल में स्वास्थ्य जागरूकता एवं तंबाकू नियंत्रण कार्यक्रम के तहत विशेष स्वास्थ्य जांच शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में नवाबगंज के सरकारी अस्पताल से पहुंची चिकित्सकों की टीम ने विद्यालय के छात्र-छात्राओं का स्वास्थ्य परीक्षण किया। इस दौरान बच्चों को स्वास्थ्य, स्वच्छता और पौष्टिक आहार के प्रति जागरूक करते हुए आवश्यक दवाइयां और स्वास्थ्य संबंधी परामर्श भी दिया गया।
कार्यक्रम का आयोजन डिस्ट्रिक्ट कोऑर्डिनेटर मनोज कुमार तोमर एवं क्लस्टर कोऑर्डिनेटर रजी खान की उपस्थिति और मार्गदर्शन में किया गया। विद्यालय के प्रधानाचार्य शिवलेश कुमार मिश्रा की देखरेख में चिकित्सकों की टीम का स्वागत किया गया। विद्यालय के शिक्षकों और शिक्षिकाओं ने बच्चों को कतारबद्ध कर अनुशासन के साथ स्वास्थ्य परीक्षण कराने में सहयोग किया।
शिविर के दौरान चिकित्सकों ने छात्र-छात्राओं की आंखों, दांतों और सामान्य शारीरिक विकास की जांच की। साथ ही मौसमी बीमारियों से बचाव के उपाय भी बताए। चिकित्सकों ने बच्चों को दिन में दो बार ब्रश करने, नियमित रूप से हाथ धोने और पौष्टिक भोजन करने की सलाह दी। उन्होंने स्वच्छता को स्वस्थ जीवन का महत्वपूर्ण हिस्सा बताते हुए बच्चों को अपनी दिनचर्या में अच्छी आदतें अपनाने के लिए प्रेरित किया।
विद्यालय में तंबाकू नियंत्रण को लेकर जागरूकता कार्यक्रम और लेखन प्रतियोगिता का भी आयोजन किया गया। इसमें विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और तंबाकू के सेवन से होने वाले नुकसान के प्रति लोगों को जागरूक करने का संदेश दिया।
प्रतियोगिता में कक्षा चार की छात्रा दिव्या ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। कक्षा तीन की छात्रा प्रतिज्ञा द्वितीय और कक्षा चार की छात्रा पलक तृतीय स्थान पर रहीं। विजेता छात्राओं को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई।
कार्यक्रम के अंत में मनोज कुमार तोमर, रजी खान, प्रधानाचार्य शिवलेश कुमार मिश्रा, शिक्षिका आरजू और विद्यालय के समस्त स्टाफ ने सरकारी अस्पताल से आई चिकित्सकों की टीम का आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर विद्यालय का समस्त स्टाफ और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।

Must read

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article