27.1 C
Lucknow
Thursday, September 24, 2026

सेवा संकल्प अभियान में कन्नौज पहुंचे प्रभारी मंत्री राकेश सचान

Must read

 

– मायादेवी इंटर कॉलेज में हवन कर पीएम मोदी की दीर्घायु की कामना
– छात्राओं को किया संबोधित
– अधिकारियों के साथ विकास व कानून-व्यवस्था पर की चर्चा

कन्नौज। प्रदेश सरकार में कैबिनेट मंत्री एवं कन्नौज जिले के प्रभारी मंत्री राकेश सचान गुरुवार को सेवा संकल्प अभियान के तहत आयोजित कार्यक्रम में कन्नौज पहुंचे। नगर के शिवाजी नगर स्थित मायादेवी इंटर कॉलेज में आयोजित कार्यक्रम में प्रभारी मंत्री ने हवन में आहुति देकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की दीर्घायु एवं स्वस्थ जीवन की कामना की।
हवन कार्यक्रम के बाद छात्राओं को संबोधित करते हुए मंत्री राकेश सचान ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पिछले 25 वर्षों में विभिन्न संवैधानिक एवं राजनीतिक दायित्वों का निर्वहन करते हुए भारत की पहचान को वैश्विक स्तर पर मजबूत किया है। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार का लक्ष्य भारत को विकसित राष्ट्र के रूप में स्थापित करना है और इस दिशा में लगातार कार्य किए जा रहे हैं।
प्रभारी मंत्री ने अयोध्या को लेकर विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि जो लोग आज अयोध्या के राम मंदिर को लेकर राजनीति कर रहे हैं, उन्हें वर्ष 2017 से पहले की अयोध्या और वर्तमान में विकसित हो रही अयोध्या के अंतर को देखना चाहिए। उन्होंने कहा कि अयोध्या के साथ-साथ वाराणसी में काशी विश्वनाथ, प्रयागराज और विंध्याचल में भी विकास कार्यों के माध्यम से इन धार्मिक स्थलों को नई पहचान मिली है।
कार्यक्रम के बाद प्रभारी मंत्री राकेश सचान ने सर्किट हाउस में जिलाधिकारी आशुतोष मोहन अग्निहोत्री और पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार से मुलाकात कर जिले की प्रशासनिक एवं कानून-व्यवस्था से संबंधित विषयों पर जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए।
इस दौरान भाजपा जिलाध्यक्ष वीर सिंह भदौरिया, वरिष्ठ भाजपा नेता संजू कटियार, अपना दल के लाला भाई पटेल, आरएस कठेरिया सहित भाजपा एवं सहयोगी दलों के अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।
प्रभारी मंत्री के कन्नौज दौरे के दौरान एक बात चर्चा का विषय बनी रही। कार्यक्रम में मंत्री की मौजूदगी के बावजूद उनके कार्यक्रम और दौरे से संबंधित विस्तृत जानकारी जिला सूचना विभाग की ओर से पहले से उपलब्ध नहीं कराई गई, जबकि भाजपा के आईटी सेल की ओर से भी मंत्री के कार्यक्रम का विवरण सामान्य रूप से व्हाट्सऐप ग्रुपों में साझा नहीं किया गया।
इस वजह से स्थानीय मीडिया और कार्यकर्ताओं के बीच भी मंत्री के कार्यक्रम की जानकारी को लेकर असमंजस की स्थिति बनी रही। अब सवाल यह उठ रहा है कि जिले के प्रभारी मंत्री के महत्वपूर्ण सरकारी दौरे की सूचना मीडिया तक पहुंचाने में आखिर समन्वय की कमी क्यों रही।

Must read

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article