28.3 C
Lucknow
Wednesday, September 23, 2026

नहर रोड पर सीवर निर्माण की धीमी गति से व्यापारी और आम नागरिक परेशान, जन उद्घोष व्यापार मंडल ने विधायक को सौंपा ज्ञापन

Must read

लखनऊ: राजधानी लखनऊ (Lucknow) के जानकीपुरम में नहर रोड (Nahar Road) पर जल निगम द्वारा कराए जा रहे गहरी सीवर लाइन के निर्माण कार्य की धीमी गति और सड़क बंद होने के कारण क्षेत्र के व्यापारियों एवं आम नागरिकों को हो रही समस्याओं को लेकर जन उद्घोष व्यापार मंडल उत्तर प्रदेश (पंजी.) ने माननीय विधायक उत्तर विधानसभा, लखनऊ डॉ. नीरज बोरा जी को ज्ञापन सौंपकर तत्काल कार्रवाई की मांग की।

व्यापार मंडल के प्रदेश महामंत्री विनोद कुमार सिंह ने ज्ञापन के माध्यम से अवगत कराया कि नहर रोड पर सीवर लाइन निर्माण के लिए सड़क की खुदाई कर मार्ग बंद कर दिया गया है। निर्माण कार्य अपेक्षित गति से न होने के कारण क्षेत्र के हजारों नागरिकों एवं व्यापारियों को आवागमन में भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।

ज्ञापन में कहा गया कि पीडब्ल्यूडी द्वारा सड़क का टेंडर किए जाने तथा सड़क निर्माण का शिलान्यास कई माह पूर्व हो जाने के बावजूद अभी तक सड़क निर्माण कार्य प्रारंभ नहीं हो सका है। दूसरी ओर सीवर निर्माण कार्य भी धीमी गति से चल रहा है, जिससे क्षेत्रवासियों की परेशानी लगातार बढ़ रही है।

सड़क बंद होने के कारण क्षेत्र के मैरिज लॉन, कैटरिंग व्यवसाय, गेस्ट हाउस, दुकानदारों एवं अन्य व्यापारिक प्रतिष्ठानों का कारोबार प्रभावित हो रहा है। आगामी त्योहारी एवं वैवाहिक सीजन को देखते हुए व्यापारियों की चिंता और बढ़ गई है। लंबे समय से मार्ग बंद रहने के कारण व्यापारियों को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है।

इसके अतिरिक्त एम्बुलेंस, स्कूल वाहनों, कामकाजी लोगों, महिलाओं, बुजुर्गों तथा स्थानीय निवासियों के आवागमन में भी गंभीर परेशानी उत्पन्न हो रही है। आपातकालीन परिस्थितियों में वैकल्पिक मार्ग की पर्याप्त व्यवस्था न होने से स्थिति और गंभीर हो सकती है।

जन उद्घोष व्यापार मंडल ने विधायक से मांग की कि संबंधित विभाग के अधिकारियों को निर्देशित कर सीवर निर्माण कार्य में तत्काल तेजी लाई जाए और इसे निर्धारित समयसीमा में पूरा कराया जाए।साथ ही निर्माण कार्य के दौरान जहां संभव हो, आवागमन के लिए वैकल्पिक मार्ग की समुचित व्यवस्था की जाए।

व्यापार मंडल ने यह भी मांग की कि सीवर लाइन का कार्य पूर्ण होते ही पीडब्ल्यूडी द्वारा सड़क के निर्माण/पुनर्निर्माण का कार्य तत्काल प्रारंभ कराया जाए तथा पूरे कार्य की समयबद्ध निगरानी सुनिश्चित की जाए, ताकि व्यापारियों एवं आम नागरिकों को जल्द से जल्द राहत मिल सके।

प्रदेश महामंत्री विनोद कुमार सिंह ने कहा कि व्यापारियों और आम नागरिकों की परेशानी को देखते हुए इस समस्या का शीघ्र समाधान आवश्यक है।उन्होंने उम्मीद जताई कि विधायक डॉ. नीरज बोरा द्वारा संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ समन्वय कर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित कराई जाएगी।

Must read

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article