कमालगंज संवाददाता: रिश्तेदारी से लौट रहे मां-बेटे के लिए बुधवार की दोपहर का सफर हादसे में बदल गया। तेज रफ्तार कार की टक्कर से दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए, वहीं कार सवार मौके से फरार हो गया।
जानकारी के अनुसार नवाबगंज थाना क्षेत्र के ग्राम नगला हीरा सिंह निवासी अंकित कुमार अपनी मां संजीवनी देवी के साथ किसी रिश्तेदार के यहां गए थे। बुधवार दोपहर वे बाइक से वापस अपने घर लौट रहे थे। जैसे ही वे कमालगंज थाना क्षेत्र में शेखपुर गांव के पास स्थित पेट्रोल पंप के नजदीक पहुंचे, तभी सामने से आ रही एक अनियंत्रित तेज रफ्तार कार ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक सवार अंकित और उनकी मां सड़क पर गिरकर घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर राहगीरों की भीड़ लग गई। स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए एंबुलेंस को सूचना दी। एंबुलेंस की मदद से दोनों घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कमालगंज में भर्ती कराया गया, जहां डॉक्टरों द्वारा उनका इलाज किया जा रहा है।
बताया जा रहा है कि हादसे के तुरंत बाद आरोपी कार चालक अपनी कार समेत मौके से फरार हो गया। पीड़ित अंकित कुमार ने कमालगंज थाने में अज्ञात कार चालक के खिलाफ तहरीर दी है और कार्रवाई की मांग की है।
इस संबंध में कमालगंज थाना अध्यक्ष रामसहाय सिंह ने बताया कि तहरीर के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी गई है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, ताकि फरार कार और उसके चालक की पहचान की जा सके।
शेखपुरा-गोमती मार्ग बना हादसों का ब्लैक स्पॉट
गौरतलब है कि शेखपुर के पास पेट्रोल पंप वाला यह इलाका आए दिन सड़क हादसों का गवाह बन रहा है। स्थानीय लोगों के अनुसार इस मार्ग पर वाहनों की तेज रफ्तार, स्पीड ब्रेकर का अभाव और यातायात निगरानी की कमी के चलते लगातार दुर्घटनाएं हो रही हैं।
इस ब्लैक स्पॉट पर लगाम लगाने के लिए आवश्यक सुरक्षा उपाय किए जाएं।


