34.4 C
Lucknow
Tuesday, September 22, 2026

आरटीई के बच्चों से शुल्क वसूली का आरोप, परीक्षा के दिन कक्षा से बाहर खड़ा करने की शिकायत

Must read

छात्र-छात्राओं को दी जारी प्रताड़ना, विद्यालय प्रबंधन कर रहा ₹4000 जमा करने की मांग
फर्रुखाबाद। शिक्षा का अधिकार अधिनियम (आरटीई) के तहत विद्यालयों में निशुल्क प्रवेश लेने वाले छात्र-छात्राओं से कथित तौर पर अवैध शुल्क वसूली और मानसिक प्रताड़ना का मामला सामने आया है। अभिभावकों ने गायत्री इंटरनेशनल स्कूल के विद्यालय प्रबंधन पर गंभीर आरोप लगाते हुए बेसिक शिक्षा अधिकारी (बीएसए) को शिकायती पत्र देकर कार्रवाई की मांग की है।
अभिभावकों का आरोप है कि आरटीई के तहत विद्यालय में प्रवेश लेने वाले छात्र-छात्राओं से शुल्क की मांग की जा रही है। वर्तमान में विद्यालय में छह माह की परीक्षाएं भी शुरू हो चुकी हैं। आरोप है कि शुल्क जमा न करने वाले बच्चों को मानसिक रूप से प्रताड़ित किया जा रहा है और परीक्षा के दिन उन्हें कक्षा के बाहर खड़ा कर दिया जाता है। इससे बच्चे स्वयं को अपमानित महसूस कर रहे हैं और उनके मन पर भी प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है।
अभिभावकों ने बीएसए को दिए शिकायती पत्र में आरोप लगाया कि विद्यालय प्रबंधन की ओर से अभिभावकों से छह माह में करीब चार हजार रुपये एमसी के नाम पर शुल्क जमा करने की मांग की जा रही है। कथित तौर पर शुल्क जमा नहीं करने पर बच्चों को कक्षा से बाहर करने की बात कही जाती है। अभिभावकों का कहना है कि आरटीई के तहत प्रवेश लेने वाले बच्चों से किसी भी प्रकार की शुल्क वसूली किए जाने की स्थिति में नियमानुसार कार्रवाई की जानी चाहिए।
शिकायती पत्र में यह भी मांग की गई कि आरटीई के तहत प्रवेशित छात्र-छात्राओं को किसी भी प्रकार से मानसिक रूप से प्रताड़ित या अपमानित न किया जाए। अभिभावकों ने कहा कि बच्चों को परीक्षा देने से न रोका जाए और न ही परीक्षा के दौरान उन्हें कक्षा से बाहर खड़ा किया जाए। उन्होंने यह भी मांग की कि यदि आरटीई के तहत किसी प्रकार का शुल्क देय या जमा किया जाना है तो उसे अभिभावकों से सीधे विद्यालय में लेने के बजाय बीएसए कार्यालय के माध्यम से जमा कराया जाए।
अभिभावकों ने पूरे मामले की जांच कर विद्यालय प्रबंधन के विरुद्ध आवश्यक कार्रवाई किए जाने की मांग की है। साथ ही बच्चों के हितों को ध्यान में रखते हुए उन्हें बिना किसी भेदभाव के शिक्षा और परीक्षा का अवसर उपलब्ध कराने की मांग की गई।
बीएसए को ज्ञापन देने वालों में मोहित कटियार, राजेश सिंह, इंद्रजीत सिंह, राहुल पांडे, पुष्पा पाल, सुरजीत कटियार, सत्येंद्र कुमार, राहुल कुमार सहित अन्य अभिभावक मौजूद रहे।

Must read

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article