33 C
Lucknow
Tuesday, September 22, 2026

कार की टक्कर से बाइक सवार दो युवक घायल, एक की हालत गंभीर

Must read

कायमगंज/फर्रुखाबाद।
कायमगंज-फर्रुखाबाद मार्ग पर सोमवार देर शाम पपड़ी गांव के पास तेज रफ्तार कार ने बाइक सवार दो युवकों को टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना पर पहुंची 108 एंबुलेंस ने दोनों घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कायमगंज पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद एक युवक की हालत गंभीर होने पर उसे फर्रुखाबाद के लोहिया अस्पताल रेफर कर दिया गया।
जानकारी के अनुसार शमशाबाद थाना क्षेत्र के हंसा गोईरईपुर गांव निवासी आलोक (28) पुत्र रघुनंदन और श्याम (25) पुत्र शीशराम सोमवार शाम करीब छह बजे बाइक से अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान कायमगंज-फर्रुखाबाद मार्ग पर पपड़ी गांव के पास सामने से आ रही तेज रफ्तार कार ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक क्षतिग्रस्त हो गई और दोनों युवक सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद कार चालक वाहन लेकर मौके से फरार हो गया। राहगीरों ने घटना की सूचना एंबुलेंस को दी।
108 एंबुलेंस से दोनों घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कायमगंज लाया गया। डॉक्टर अमरेश ने प्राथमिक उपचार के बाद आलोक की गंभीर हालत को देखते हुए उसे फर्रुखाबाद के लोहिया अस्पताल रेफर कर दिया, जबकि श्याम का उपचार कायमगंज सीएचसी में जारी बताया गया है।
हादसे की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने मामले की जानकारी जुटानी शुरू कर दी है। फरार कार चालक की तलाश की जा रही है।

Must read

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article