फर्रुखाबाद। थाना कादरी गेट क्षेत्र के पांचाल घाट पर मंगलवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब करीब 35 वर्षीय एक युवक बेहोशी की हालत में पड़ा मिला। युवक को देखकर मौके पर मौजूद स्थानीय लोगों ने तत्काल इसकी सूचना 108 एंबुलेंस सेवा को दी।
सूचना मिलते ही एंबुलेंस मौके पर पहुंची और युवक को उपचार के लिए डॉ. राम मनोहर लोहिया चिकित्सालय पहुंचाया गया। अस्पताल में चिकित्सकों ने युवक को भर्ती कर उपचार शुरू कर दिया। समाचार लिखे जाने तक युवक की पहचान नहीं हो सकी थी।
स्थानीय लोगों के अनुसार युवक काफी देर से बेहोशी की हालत में पड़ा हुआ था। उसके बारे में जानकारी न मिलने पर पुलिस को भी सूचना दी गई। युवक के होश में आने के बाद ही उसकी पहचान और घटना के संबंध में स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। फिलहाल लोहिया अस्पताल में युवक का इलाज जारी है।
पांचाल घाट पर बेहोशी की हालत में मिला युवक, लोहिया अस्पताल में भर्ती


