33 C
Lucknow
Monday, September 21, 2026

फर्जी टीटी बनकर ट्रेन में यात्रियों से टिकट मांग रहा था युवक, आरपीएफ ने पकड़ा

Must read

फर्रुखाबाद। लखनऊ-कासगंज पैसेंजर ट्रेन में खुद को टीटी बताकर यात्रियों से टिकट मांगने वाले एक युवक को रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) ने गिरफ्तार किया है। यात्रियों की शिकायत के बाद आरपीएफ ने कार्रवाई करते हुए युवक को फर्रुखाबाद रेलवे स्टेशन पर हिरासत में लिया। आरोपी के खिलाफ धोखाधड़ी समेत अन्य संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की गई है।
जानकारी के अनुसार ट्रेन नंबर 55345 लखनऊ-कासगंज पैसेंजर के फर्रुखाबाद पहुंचने से पहले ही कुछ यात्रियों ने आरपीएफ को सूचना दी कि एक युवक ट्रेन में टीटी बनकर यात्रियों से टिकट दिखाने के लिए कह रहा है।
सूचना मिलते ही आरपीएफ की टीम सक्रिय हो गई। ट्रेन के फर्रुखाबाद स्टेशन पहुंचने पर टीम ने प्लेटफार्म पर पहुंचकर संदिग्ध युवक को हिरासत में ले लिया। यात्रियों ने आरपीएफ को आरोपी का एक वीडियो भी सौंपा, जिसमें वह यात्रियों से टिकट मांगता हुआ दिखाई दे रहा है।
हिरासत में लिए गए युवक की पहचान कन्नौज जिले के तालग्राम निवासी आकिब अंसारी (20) के रूप में हुई है। आरपीएफ के अनुसार तलाशी के दौरान उसके पास टीटी के रूप में काम करने से संबंधित कोई पहचान पत्र या वैध प्रमाण नहीं मिला। वह खुद के लिए वैध यात्रा टिकट भी प्रस्तुत नहीं कर सका।
यात्रियों की शिकायत और उपलब्ध वीडियो के आधार पर आरपीएफ ने आरोपी के खिलाफ कार्रवाई शुरू की। मामले में धोखाधड़ी सहित अन्य संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की गई है।
आरपीएफ इंस्पेक्टर ओमप्रकाश मीणा ने बताया कि पूछताछ में सामने आया है कि आकिब अंसारी एक दुकान में काम करता है। मामले की जांच की जा रही है और यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि युवक ट्रेन में किस उद्देश्य से यात्रियों से टिकट मांग रहा था।
घटना के बाद ट्रेन में मौजूद यात्रियों के बीच भी इसकी चर्चा रही। आरपीएफ ने यात्रियों से अपील की है कि ट्रेन में यदि कोई व्यक्ति खुद को रेलवे कर्मचारी बताकर टिकट जांचता है तो उसकी पहचान और अधिकृत पहचान-पत्र की पुष्टि करें। संदिग्ध स्थिति में तुरंत रेलवे सुरक्षा बल या रेलवे अधिकारियों को सूचना दें।

Must read

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article