नशे और शॉर्टकट से बचने की दी नसीहत, 25 बुलडोजरों से फूल बरसाकर हुआ भव्य स्वागत
मेरठ। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन ने सोमवार को मेरठ के सुभारती विश्वविद्यालय में आयोजित युवा संवाद में छात्र-छात्राओं से सीधा संवाद किया। उन्होंने युवाओं से नशे और शॉर्टकट से दूर रहने की अपील करते हुए कहा कि युवा रील नहीं, रियल जिंदगी जिएं और राष्ट्र प्रथम की भावना को अपने जीवन में आगे रखें। उन्होंने युवाओं को मेहनत, अनुशासन और सकारात्मक सोच के साथ आगे बढ़ने का संदेश दिया।
नितिन नबीन ने कहा कि मौजूदा समय में नशा और शॉर्टकट युवाओं को सबसे अधिक प्रभावित कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि सफलता हासिल करने के लिए आसान रास्ते तलाशने के बजाय युवाओं को अपनी मेहनत और प्रतिभा पर भरोसा करना चाहिए। उन्होंने नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियानों का भी उल्लेख किया और युवाओं से इससे दूर रहने का आह्वान किया। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी भी मौजूद रहे।
पश्चिमी उत्तर प्रदेश के अपने दौरे पर मेरठ पहुंचे नबीन का काशी टोल प्लाजा पर भाजपा कार्यकर्ताओं ने जोरदार स्वागत किया। बड़ी संख्या में कार्यकर्ता पहले से मौजूद रहे। स्वागत के दौरान बुलडोजरों से फूलों की वर्षा की गई, जबकि क्रेन के जरिए उन्हें माला पहनाई गई। ढोल-नगाड़ों और ताशों के साथ कार्यकर्ताओं ने नारे लगाकर उनका स्वागत किया। एयर बैलून और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से भी स्वागत स्थल को सजाया गया था।
सुभारती विश्वविद्यालय में आयोजित युवा संवाद में मेरठ समेत पश्चिमी उत्तर प्रदेश के विभिन्न जिलों से आए छात्र-छात्राओं ने हिस्सा लिया। संवाद के दौरान युवाओं से शिक्षा, तकनीक, रोजगार और बदलते दौर में उनकी भूमिका जैसे विषयों पर चर्चा की गई। इसके बाद नबीन ने पश्चिमी यूपी के संगठनात्मक पदाधिकारियों और शक्ति केंद्र संयोजकों के सम्मेलन में हिस्सा लिया।
सम्मेलन में पश्चिम क्षेत्र के विभिन्न संगठनात्मक जिलों की विधानसभा सीटों से जुड़े शक्ति केंद्र संयोजकों और मंडल अध्यक्षों के शामिल होने की व्यवस्था की गई थी। इसके अलावा नबीन ने पूर्व पदाधिकारियों, जनप्रतिनिधियों और प्रमुख कार्यकर्ताओं के साथ भी संवाद का कार्यक्रम रखा। पश्चिमी यूपी के संगठनात्मक दौरे के दौरान पार्टी स्तर पर जमीनी तैयारियों और संगठन से जुड़े विषयों पर चर्चा प्रस्तावित रही।
नबीन के मेरठ दौरे के दौरान सपा नेता गौरव गुर्जर को पुलिस द्वारा हाउस अरेस्ट किए जाने की जानकारी भी सामने आई। पुलिस की ओर से इसे सुरक्षा व्यवस्था से जोड़कर देखा गया। नबीन का पश्चिमी उत्तर प्रदेश का यह दौरा कई संगठनात्मक बैठकों से जुड़ा है। मेरठ के बाद उनका सहारनपुर जाने का कार्यक्रम है, जहां वे पदाधिकारियों और जनप्रतिनिधियों के साथ बैठक करेंगे।


