कमालगंज: कमालगंज थाना क्षेत्र के ग्राम खुदागंज की रहने वाली निधि राजपूत ने उत्तर प्रदेश पुलिस में सब इंस्पेक्टर (SI) के पद पर चयनित होकर इतिहास रच दिया है। उनकी इस कामयाबी से पूरे गांव और परिवार में जश्न का माहौल है।
बताया जा रहा है कि निधि का चयन वर्ष 2025 की पुलिस भर्ती में हुआ था। इसके बाद भी उन्होंने अपनी पढ़ाई नहीं छोड़ी और लगातार तैयारी जारी रखते हुए यूपी पुलिस SI परीक्षा दी। कड़ी मेहनत के बाद अंतिम चयन सूची में नाम आने पर उनका सपना साकार हो गया।
इस उपलब्धि के अवसर पर शनिवार, 20 सितंबर को गांव में सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। इस दौरान एसडी इंटर कॉलेज पाहल रजीपुर के प्रबंधक नरेंद्र सिंह यादव ने निधि को माला पहनाकर सम्मानित किया और उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं।
कार्यक्रम में भारत सरकार में सहायक प्रवर्तन अधिकारी (ED) के पद पर बेंगलुरु में तैनात भारत सिंह ने भी निधि को सम्मानित किया। उन्होंने निधि को उपहार भेंट कर ईमानदारी और निष्ठा के साथ सेवा करने की प्रेरणा दी।
परिजनों के मुताबिक, निधि ने शुरू से ही लक्ष्य तय कर लिया था कि उन्हें पुलिस विभाग में जाना है। पढ़ाई के साथ-साथ उन्होंने दिन-रात मेहनत की। आज उनकी मेहनत रंग लाई है। निधि की सफलता पूरे खुदागंज और आसपास के क्षेत्रों के युवाओं के लिए प्रेरणा बन गई है। सभी ने उन्हें बधाई देते हुए कहा कि यह सफलता मेहनत और लगन का परिणाम है।


