अगले छह माह में एक लाख से ज्यादा युवाओं को देंगे सरकारी नौकरी
लखनऊ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शनिवार को लोकभवन में आयोजित कार्यक्रम के दौरान समाजवादी पार्टी के नेताओं पर निशाना साधते हुए पूर्ववर्ती सरकार में भर्ती व्यवस्था को लेकर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि पहले विज्ञापन जारी होते ही नौकरियों के ठेके बांट दिए जाते थे और बिना परीक्षा के नियुक्तियां तक हो जाती थीं। मुख्यमंत्री ने कहा कि जिन्होंने वर्ष 2017 से पहले नियुक्ति प्रक्रिया में गड़बड़ी की, वे अब सवाल उठा रहे हैं, जबकि उनकी सरकार अगले छह माह में एक लाख से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरी देने जा रही है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि उनकी सरकार अब तक करीब साढ़े नौ लाख युवाओं को नियुक्ति पत्र दे चुकी है। उन्होंने कहा कि समूह ‘ग’ और ‘घ’ की भर्तियों में साक्षात्कार की व्यवस्था समाप्त की गई है और भर्ती बोर्ड तथा आयोगों को राजनीतिक हस्तक्षेप से मुक्त रखने का प्रयास किया गया है। योगी ने दावा किया कि पहले भर्ती बोर्ड और आयोगों में भाई-भतीजावाद के कारण पूरी भर्ती प्रक्रिया बदनाम हुई थी, जबकि अब चयन प्रक्रिया पारदर्शी तरीके से आगे बढ़ रही है।
योगी ने कहा कि अगले छह माह में विभिन्न विभागों में बड़े पैमाने पर नियुक्तियां की जाएंगी। उनके मुताबिक होमगार्ड में करीब 42 हजार नियुक्तियां प्रस्तावित हैं। अधीनस्थ सेवा चयन आयोग की आगामी परीक्षाओं के परिणामों से 25 से 30 हजार युवाओं को रोजगार मिलने की बात उन्होंने कही। शिक्षा चयन आयोग से 20 से 25 हजार और लोक सेवा आयोग के माध्यम से 15 से 16 हजार युवाओं को नियुक्ति पत्र दिए जाने का दावा भी मुख्यमंत्री ने किया।
मुख्यमंत्री ने वर्ष 2017 से पहले प्रदेश की कानून-व्यवस्था और रोजगार की स्थिति पर भी विपक्ष पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि उस दौर में प्रदेश में दंगों और कर्फ्यू की घटनाओं से भय का माहौल था और युवाओं के सामने रोजगार का संकट था। योगी ने कहा कि उनकी सरकार ने चुनौतियों को अवसर में बदलने के उद्देश्य से मिशन रोजगार शुरू किया। उन्होंने कहा कि आज प्रदेश में निवेश का माहौल बना है और रोजगार के नए अवसर सामने आ रहे हैं।
योगी ने कहा कि प्रदेश की बेटियों और व्यापारियों के सामने भी पहले सुरक्षा की चिंता रहती थी। उन्होंने दावा किया कि सरकार ने कानून-व्यवस्था में सुधार के साथ युवाओं को रोजगार और आत्मनिर्भरता के अवसर उपलब्ध कराने पर काम किया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि 25 से 29 सितंबर तक उत्तर प्रदेश अंतरराष्ट्रीय व्यापार शो आयोजित होगा, जिसमें प्रदेश की औद्योगिक और व्यापारिक क्षमता को सामने रखा जाएगा।
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने लोक सेवा आयोग और अधीनस्थ सेवा चयन आयोग से चयनित 818 अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र वितरित किए। नियुक्ति पत्र पाने वाले अभ्यर्थियों ने चयन प्रक्रिया को पारदर्शी बताते हुए सरकार का आभार जताया। अभ्यर्थियों ने कहा कि नियुक्ति मिलने से उनके परिवारों में खुशी का माहौल है और वे अपनी जिम्मेदारी पूरी ईमानदारी से निभाएंगे।


