26 C
Lucknow
Saturday, September 19, 2026

लहंगे तैयार कराने के बाद 3.60 लाख रुपये का भुगतान न करने का आरोप, शिकायत

Must read

फर्रुखाबाद। शमशाबाद थाना क्षेत्र के ग्राम अलेपुर पीताम्बरेश्वर निवासी सिराज पुत्र अयाज शाह ने पुलिस को शिकायती पत्र देकर लहंगे तैयार कराने के एवज में बकाया 3 लाख 60 हजार रुपये का भुगतान न किए जाने का आरोप लगाया है। पीड़ित ने मामले की निष्पक्ष जांच कर बकाया धनराशि दिलाने और उचित कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
शिकायती पत्र में सिराज ने बताया कि वह पिछले करीब दो वर्षों से मोहल्ला इमली दरवाजा निवासी साकिब पुत्र अय्यूब पेंटर के लिए दर्जी के लहंगे तैयार करने का काम करता है। उसके अनुसार पिछले एक वर्ष के दौरान उसने करीब चार लाख रुपये का माल तैयार करके दिया। आरोप है कि साकिब तथा उसके भाई आदिल, आलम और आसिम पुत्रगण अय्यूब पेंटर ने तैयार किए गए माल के एवज में 3 लाख 60 हजार रुपये का भुगतान नहीं किया।
पीड़ित का कहना है कि वह पिछले करीब एक वर्ष से लगातार अपने बकाया रुपयों की मांग कर रहा है। आरोप है कि हर बार उसे भुगतान किए जाने का आश्वासन दिया जाता रहा, लेकिन अभी तक धनराशि नहीं दी गई। भुगतान नहीं होने के कारण उसके सामने आर्थिक संकट खड़ा हो गया है। सिराज के मुताबिक उस पर करीब दो लाख रुपये का कर्ज भी हो गया है, जिससे उसकी आर्थिक और मानसिक स्थिति खराब हो रही है।
सिराज ने शमशाबाद थाना पुलिस को तहरीर देकर पूरे मामले की जांच कराने तथा उसका बकाया भुगतान दिलाए जाने की मांग की है। उसने बताया कि उसके पास लेनदेन से संबंधित हिसाब-किताब, ऑर्डर और व्हाट्सएप पर हुई बातचीत सहित अन्य साक्ष्य मौजूद हैं।
पीड़ित ने शिकायती पत्र की प्रतिलिपि पुलिस अधीक्षक और जिलाधिकारी समेत अन्य उच्चाधिकारियों को भी भेजकर मामले में कार्रवाई की मांग की है। पुलिस द्वारा शिकायत की जांच के बाद आगे की कार्रवाई किए जाने की बात कही गई है।

Must read

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article