26 C
Lucknow
Saturday, September 19, 2026

गौशाला में 263 गोवंश, डीएम ने दिए व्यवस्थाएं दुरुस्त रखने के निर्देश

Must read

पिथनापुर में नवनिर्मित पुस्तकालय का फीता काटकर किया शुभारंभ, किसानों की फार्मर रजिस्ट्री शत-प्रतिशत कराने के निर्देश

अमृतपुर

तहसील समाधान दिवस के आयोजन के बाद जिलाधिकारी डॉ. अंकुर लाठर ने शनिवार को विकासखंड राजेपुर क्षेत्र के ग्राम खंडौली स्थित गौशाला एवं पिथनापुर पंचायत घर का औचक निरीक्षण कर विकास कार्यों और व्यवस्थाओं की जमीनी हकीकत परखी। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

खंडौली गौशाला के निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने गौशाला परिसर में सघन वृक्षारोपण कराने और लगाए गए पौधों के संरक्षण पर विशेष जोर दिया। उन्होंने कहा कि मादा बछड़ों को पात्र कुपोषित परिवारों को उपलब्ध कराया जाए, ताकि उनके पालन-पोषण के साथ कुपोषित बच्चों को भी पौष्टिक आहार मिल सके। उन्होंने गौशाला में संरक्षित प्रत्येक गोवंश की ईयर टैगिंग सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए।

डीएम ने गोवंश की देखरेख में लगे संरक्षकों का भुगतान समय से पूर्ण कराने तथा बीमार पशुओं को स्वस्थ पशुओं से अलग रखने की व्यवस्था करने को कहा, जिससे संक्रमण फैलने की आशंका को रोका जा सके। इस दौरान जिलाधिकारी ने गोवंश को गुड़ एवं चना भी खिलाया।

अधिकारियों ने बताया कि खंडौली गौशाला में कुल 263 गोवंश संरक्षित हैं, जिनमें 195 नर और 68 मादा गोवंश शामिल हैं। सभी गोवंश का टीकाकरण कराया जा चुका है। गौशाला में पांच शेड बनाए गए हैं, जिनमें प्रत्येक की क्षमता 50 गोवंश की है। प्रतिदिन गोवंश के भरण-पोषण के लिए करीब 33 कुंतल हरा चारा उपलब्ध कराया जाता है, जबकि वर्तमान में 68 कुंतल भूसा भी उपलब्ध है। वृक्षारोपण अभियान के तहत पांच छायादार पौधे लगाए गए हैं।

इसके बाद जिलाधिकारी ने ग्राम पिथनापुर स्थित पंचायत घर का निरीक्षण किया। यहां उन्होंने नवनिर्मित पुस्तकालय का फीता काटकर शुभारंभ किया। उन्होंने पुस्तकालय में अध्ययन के लिए आने वाले लोगों के लिए पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित करने तथा नियमित साफ-सफाई बनाए रखने के निर्देश दिए। साथ ही पुस्तकालय में उपलब्ध पुस्तकों की सूची पंचायत घर के मुख्य द्वार की दीवार पर चस्पा कराने को कहा।
जिलाधिकारी ने ग्राम प्रधान को निर्देशित किया कि ग्राम के सभी किसानों की फार्मर रजिस्ट्री का कार्य शत-प्रतिशत पूर्ण कराया जाए। उन्होंने विकास कार्यों में गुणवत्ता, पारदर्शिता और व्यवस्थाओं को बेहतर बनाए रखने पर जोर दिया।

Must read

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article