तीन बच्चों समेत आठ की मौत से मचा कोहराम
भोपाल। मध्य प्रदेश के आगर-मालवा जिले के नलखेड़ा में मां बगलामुखी मंदिर के पास बीती रात मूसलाधार बारिश के बीच दर्दनाक हादसा हो गया। तेज बहाव के कारण श्रद्धालुओं से भरी एक कार बरसाती नाले में बह गई। हादसे में तीन बच्चों, तीन पुरुषों और दो महिलाओं समेत आठ लोगों की मौत होने की जानकारी सामने आई है।
बताया गया कि क्षेत्र में रात के समय तेज बारिश हो रही थी। इसी दौरान मंदिर की ओर जा रही कार पानी के तेज बहाव की चपेट में आ गई और नाले में बह गई। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीमें मौके पर पहुंचीं और राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराया गया।
तेज बहाव के कारण बचाव दल को भी मुश्किलों का सामना करना पड़ा। काफी प्रयास के बाद कार और उसमें सवार लोगों को बाहर निकालने की कार्रवाई की गई। घटना के बाद मौके पर बड़ी संख्या में लोगों की भीड़ जमा हो गई। पुलिस ने भीड़ को नियंत्रित करते हुए बचाव अभियान जारी रखा।
हादसे की सूचना मिलते ही आगर-मालवा के जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक भी मौके पर पहुंचे। मौके पर मौजूद लोगों ने प्रशासन के प्रति नाराजगी जताते हुए नारेबाजी की। पुलिस ने घटना की परिस्थितियों और हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है।
बताया गया कि मृतक श्रद्धालु नलखेड़ा स्थित प्रसिद्ध मां बगलामुखी मंदिर में दर्शन के लिए आए थे। लखुंदर नदी के तट पर स्थित यह मंदिर प्रमुख धार्मिक स्थलों में शामिल है और यहां देशभर से श्रद्धालु पहुंचते हैं।
पिछले 24 घंटे में नलखेड़ा क्षेत्र में करीब 3.7 इंच बारिश दर्ज की गई। मूसलाधार बारिश के कारण बरसाती नाले का जलस्तर और बहाव अचानक बढ़ गया, जिसके चलते कार तेज पानी में बह गई। हादसे के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है।


