– सेवा संकल्प अभियान के तहत पंचाल घाट पर साफ-सफाई
– गोशाला में चारा-पानी और व्यवस्थाओं का लिया जायजा
फर्रुखाबाद। सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत शुक्रवार को जिले में स्वच्छता और पशु संरक्षण से जुड़े कार्यक्रम आयोजित किए गए। प्रातः करीब 8 बजे विकासखंड बढ़पुर के पंचाल घाट पर विशेष स्वच्छता एवं साफ-सफाई अभियान चलाया गया। अभियान में सांसद ने स्वयं सहभागिता करते हुए स्वच्छता कार्य किया और आमजन को सार्वजनिक स्थलों को स्वच्छ रखने के लिए जागरूक किया।
कार्यक्रम में भाजपा जिलाध्यक्ष फतेहचंद वर्मा सहित पार्टी के पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे। इसके अलावा जिला पंचायती राज अधिकारी, विकासखंड बढ़पुर के खंड विकास अधिकारी, एडीओ पंचायत, ग्राम पंचायत सचिव सहित संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी भी स्वच्छता अभियान में शामिल हुए।
स्वच्छता अभियान के दौरान पंचाल घाट तथा आसपास के क्षेत्र में साफ-सफाई की गई। इस दौरान लोगों को सार्वजनिक स्थलों पर गंदगी न फैलाने और अपने आसपास स्वच्छ वातावरण बनाए रखने का संदेश दिया गया। अभियान में जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, भाजपा पदाधिकारियों और स्थानीय लोगों की सहभागिता रही।
स्वच्छता अभियान के बाद दोपहर करीब 1 बजे याकूतगंज स्थित गोशाला का निरीक्षण किया गया। सांसद ने गोशाला में पशुओं के लिए उपलब्ध चारा-पानी, साफ-सफाई, पशुओं की स्थिति और अन्य व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। सांसद ने गोशाला में पशुओं की समुचित देखभाल सुनिश्चित करने के साथ ही साफ-सफाई और अन्य व्यवस्थाओं पर विशेष ध्यान देने को कहा।
कार्यक्रम के दौरान जनप्रतिनिधियों, भाजपा पदाधिकारियों, विकासखंड बढ़पुर के अधिकारियों-कर्मचारियों तथा स्थानीय नागरिकों ने सहभागिता की।


