29 C
Lucknow
Friday, September 18, 2026

पूर्व केंद्रीय मंत्री रवनीत बिट्टू के काफिले पर हमला

Must read

 

गाड़ियों के शीशे तोड़े और अंडे-टमाटर फेंके

पठानकोट। पंजाब में भाजपा की नशा विरोधी रथ यात्रा शुरू होने से पहले पूर्व केंद्रीय राज्य मंत्री रवनीत सिंह बिट्टू के काफिले को बटाला के पास कथित तौर पर घेरकर हमला किए जाने का मामला सामने आया है। बिट्टू के मुताबिक, फतेहगढ़ चूड़ियां क्षेत्र में काफिला घासीतपुर स्टेशन के पास पहुंचा तो कुछ लोगों ने अंडे और टमाटर फेंकने शुरू कर दिए। उन्होंने आरोप लगाया कि काफिले की गाड़ियों के शीशे भी तोड़े गए और उन्हें घेरने की कोशिश की गई।

स्थिति बिगड़ने पर बिट्टू के सुरक्षाकर्मियों ने उन्हें पास के एक घर में सुरक्षित पहुंचाया। बिट्टू ने दावा किया कि कुछ प्रदर्शनकारियों के पास हथियार भी थे। उनकी सुरक्षा टीम ने कथित तौर पर दो लोगों को पकड़कर पुलिस के हवाले किया। बिट्टू ने घटना की जानकारी केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और पंजाब के डीजीपी को दिए जाने की बात कही है।

पूर्व मंत्री ने आरोप लगाया कि फतेहगढ़ चूड़ियां के आम आदमी पार्टी के विधानसभा क्षेत्र प्रभारी जोबन रंधावा के समर्थकों ने लंगर कार्यक्रम की आड़ में उनके काफिले को निशाना बनाया। हालांकि, जोबन रंधावा ने इन आरोपों से इनकार करते हुए कहा कि कार्यकर्ता राज्यसभा सांसद संदीप पाठक का विरोध कर रहे थे और बिट्टू का विरोध करने का उनका कोई इरादा नहीं था।

घटना के बाद राजनीतिक आरोप-प्रत्यारोप तेज हो गए हैं। राज्यसभा सांसद राघव चड्ढा ने घटना पर प्रतिक्रिया देते हुए पंजाब में कानून-व्यवस्था को लेकर सवाल उठाए। भाजपा नेताओं ने भी घटना की निंदा करते हुए कार्रवाई की मांग की है। पुलिस की ओर से हिरासत में लिए गए लोगों और घटना की जांच को लेकर विस्तृत आधिकारिक जानकारी सामने आना अभी बाकी है।

इसी बीच भाजपा की नशा मुक्त पंजाब यात्रा की शुरुआत पठानकोट से की गई। भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन ने माधोपुर एकता स्थल से पहली रथयात्रा को रवाना किया। भाजपा के अनुसार चार यात्राएं 13 दिन में करीब चार हजार किलोमीटर की दूरी तय करते हुए पंजाब की सभी 117 विधानसभा सीटों तक पहुंचेंगी। यात्रा का समापन 30 सितंबर को जालंधर में प्रस्तावित है, जहां केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की रैली होने की बात कही गई है।

Must read

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article