26 C
Lucknow
Saturday, September 19, 2026

मोदी के जन्मदिन पर महादेवी घाट व मंदिरों में दीपोत्सव

Must read

 

जिले के 51 स्थानों पर हुए कार्यक्रम

कन्नौज। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के जन्मदिवस पर ‘सेवा एवं संकल्प अभियान’ के अंतर्गत आज जनपद में ‘सेवा दिवस—आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम श्रद्धा, सेवा, संस्कार और जनभागीदारी के भाव के साथ मनाया गया।
जनपद के विभिन्न मंदिरों, पंचायत सचिवालयों, अन्नपूर्णा भवनों, पार्कों एवं सार्वजनिक स्थलों पर दीप प्रज्ज्वलित कर सेवा और संकल्प का संदेश दिया गया।
मेंहदीघाट पर आयोजित मुख्य कार्यक्रम में प्रदेश सरकार के समाज कल्याण राज्य मंत्री असीम अरुण ने मां गंगा की आरती एवं पूजन किया तथा दीप प्रज्ज्वलित किए।
इसके पश्चात पूरा मेंहदीघाट परिसर दीपों की जगमगाहट से आलोकित हो उठा।
इस अवसर पर राज्य मंत्री असीम अरुण जी ने कहा कि गंगा तट की यह पावन धरती आस्था, संस्कृति और आध्यात्मिक चेतना का प्रतीक है। ‘आशीर्वाद का दीया’ केवल दीप प्रज्ज्वलन का कार्यक्रम नहीं, बल्कि सेवा, सद्भाव, संस्कार और समाज के प्रति अपने दायित्वों के निर्वहन का संकल्प है।
इसी क्रम में ऊर्जा एवं अतिरिक्त ऊर्जा स्रोत विभाग के राज्य मंत्री कैलाश सिंह राजपूत की उपस्थिति में अन्नपूर्णा मंदिर, तिर्वा में भी ‘सेवा दिवस—आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम आयोजित किया गया। उन्होंने दीप प्रज्ज्वलित करते हुए कहा कि दीप प्रकाश, आशा और सकारात्मक ऊर्जा का प्रतीक है।
जनपद में आयोजित कार्यक्रमों की कड़ी में पूर्व सांसद सुब्रत पाठक ने गौरी शंकर मंदिर, विधायक छिबरामऊ अर्चना पाण्डेय ने गंगेश्वरनाथ मंदिर, भाजपा जिलाध्यक्ष वीर सिंह भदौरिया ने काली देवी मंदिर तिर्वा तथा चेयरमैन छिबरामऊ मनोज दुबे ने कालिका मंदिर में दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम में भाग लिया।
इसी क्रम में जिलाधिकारी आशुतोष मोहन अग्निहोत्री एवं पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार ने संयुक्त रूप से कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय, नगर क्षेत्र कन्नौज पहुंचकर कार्यक्रम में प्रतिभाग किया।
इस अवसर पर छात्राओं ने लोकगीत एवं संगीत की मनमोहक प्रस्तुति देकर सभी का मन मोह लिया। छात्राओं द्वारा दीपों से तैयार की गई भारत के मानचित्र की आकर्षक आकृति विशेष आकर्षण का केंद्र रही।
जिलाधिकारी आशुतोष मोहन अग्निहोत्री ने छात्राओं के प्रयास की सराहना करते हुए कहा कि दीपों से सुसज्जित भारत का मानचित्र देश के प्रति गौरव, एकता और समर्पण की भावना को अभिव्यक्त करता है। इस अवसर पर जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी संदीप कुमार, खंड शिक्षा अधिकारी उमर्दा विपिन कुमार सहित संबंधित अधिकारी, कर्मचारी एवं अन्य उपस्थित रहे।

Must read

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article