मेरठ: भारतीय वायु सेना (Indian Air Force) की सूर्य किरण एरोबेटिक टीम (Surya Kiran Aerobatic Team) पहली बार मेरठ में एयर शो करने जा रही है। 19 और 20 सितंबर को मोहिउद्दीनपुर स्थित इंटीग्रेटेड न्यू टाउनशिप के स्थान पर होने वाले कार्यक्रम में नौ विमान करीब 35 मिनट तक आसमान में एरोबेटिक प्रदर्शन करेंगे। आयोजन को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। दर्शकों के लिए बैठने के साथ-साथ विभिन्न सामाजिक और शैक्षणिक वर्गों की भागीदारी सुनिश्चित करने की व्यवस्था की जा रही है।
राज्यसभा सदस्य डॉ. लक्ष्मीकांत वाजपेयी के अनुसार कार्यक्रम स्थल पर एक दिन में करीब पांच हजार लोगों के बैठने की व्यवस्था की जा रही है। इस तरह दोनों दिनों में कुल 10 हजार लोग बैठकर शो देख सकेंगे.मैदान का बड़ा हिस्सा खुला रखा जाएगा, जहां लोग खड़े होकर भी प्रदर्शन देख सकेंगे। दर्शकों को सलाह दी गई है कि वे समय से पहले कार्यक्रम स्थल पहुंचकर अपने निर्धारित स्थान पर बैठें।
कार्यक्रम में स्कूली विद्यार्थियों की भागीदारी के लिए भी व्यवस्था की गई है, जिन स्कूलों के पास बसों की सुविधा है, वे अपने छात्र-छात्राओं को बसों से कार्यक्रम स्थल तक ला सकेंगे और ऐसे स्कूलों को पास उपलब्ध कराए जाएंगे। बेसिक शिक्षा अधिकारी और जिला विद्यालय निरीक्षक को 500-500 पास दिए जाएंगे। इसके अलावा रोटरी, लायंस क्लब, आइएमए, बार एसोसिएशन और आइआइए समेत विभिन्न सामाजिक एवं व्यावसायिक संगठनों को भी 10 से 20 तक पास दिए जाएंगे।
सूर्य किरण टीम के नौ लाल-सफेद विमान करीब 35 मिनट तक हवाई करतब दिखाएंगे। कार्यक्रम के लिए सुबह 9 बजे से 11:30 बजे तक का समय निर्धारित किया गया है। इस एयर शो में मेरठ के रहने वाले दो पायलट भी प्रदर्शन करेंगे। तीसरे मेरठ निवासी पायलट की भूमिका जमीन से कार्यक्रम के प्रबंधन में होगी। इनमें स्क्वाड्री लीडर अमन गोयल, स्क्वाड्रन लीडर राहुल सिंह और स्क्वाड्रन लीडर शरद गोयल शामिल हैं।
सूर्य किरण एरोबैटिक टीम नौ विमानों के साथ प्रदर्शन करने वाली एशिया की एकमात्र एरोबैटिक टीम है। ग्रुप कैप्टन अजय दसरथी के नेतृत्व में टीम नौ लाल-सफेद हॉक एमके 132 विमानों के जरिए हवाई प्रदर्शन करेगी। प्रदर्शन के दौरान लूप, बैरल रोल, उल्टी उड़ान और डीएनए मैनूवर जैसे करतब शामिल होंगे। 19 और 20 सितंबर के लिए आमंत्रित लोगों की सूचियां अलग-अलग रखी जाएंगी. आयोजन में बढ़ती मांग और सीमित क्षमता को देखते हुए पास वितरण की व्यवस्था की जा रही है।


