34 C
Lucknow
Thursday, September 17, 2026

प्रेमी-प्रेमिका ने अलग-अलग घरों में फांसी लगाने का किया प्रयास, प्रेमी की मौत

Must read

 

 

एक ही समय हुई घटना से गांव में मचा हड़कंप, प्रेमिका का अस्पताल में चल रहा इलाज

 

बाराबंकी। कोठी थाना क्षेत्र के टेडवा गांव में बुधवार रात उस समय हड़कंप मच गया, जब प्रेमी-प्रेमिका द्वारा अपने-अपने घरों में फांसी लगाकर जान देने का प्रयास किए जाने की सूचना सामने आई। घटना में 18 वर्षीय युवक की मौत हो गई, जबकि युवती को गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने युवक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

 

टेडवा गांव निवासी हिमांशु (18) पुत्र दुर्गा प्रसाद काफी समय से अपने ननिहाल में रह रहा था। ग्रामीणों के अनुसार, हिमांशु का गांव की ही रहने वाली जूली (22), पत्नी अवनीश गौतम से प्रेम संबंध बताया जा रहा था। बुधवार रात करीब आठ बजे दोनों ने कथित तौर पर अपने-अपने घरों में फांसी लगाने का प्रयास किया।

 

परिजनों को जूली के फांसी लगाने की जानकारी हुई तो उन्होंने तत्काल उसे फंदे से नीचे उतारा और उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया। फिलहाल उसका इलाज चल रहा है। वहीं हिमांशु को भी परिजनों ने फंदे से उतारा, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।

 

एक ही समय के आसपास हुई दोनों घटनाओं की जानकारी गांव में फैलते ही लोगों में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलने पर कोठी पुलिस मौके पर पहुंची और युवक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजने की कार्रवाई की।

 

थाना प्रभारी धर्मेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि युवक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा जा रहा है। मामले की जांच की जा रही है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

 

पुलिस दोनों घटनाओं के बीच संबंध समेत अन्य पहलुओं की जांच कर रही है।

Must read

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article