– डीएम डॉ. अंकुर लाठर ने 50 लाख रुपये एवं उससे अधिक लागत के निर्माण कार्यों की समीक्षा की
फर्रुखाबाद। जिलाधिकारी डॉ. अंकुर लाठर की अध्यक्षता में मंगलवार को कलेक्ट्रेट सभागार, फतेहगढ़ में 50 लाख रुपये एवं उससे अधिक लागत वाली निर्माणाधीन परियोजनाओं की प्रगति की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न कार्यदायी संस्थाओं द्वारा जनपद में कराए जा रहे निर्माण कार्यों की स्थिति की विस्तार से समीक्षा की गई।
जिलाधिकारी ने अधिकारियों एवं कार्यदायी संस्थाओं के प्रतिनिधियों से परियोजनाओं की वर्तमान प्रगति, निर्धारित समय-सीमा तथा निर्माण कार्यों में आ रही समस्याओं की जानकारी ली। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी निर्माण कार्य निर्धारित मानकों, गुणवत्ता और समय-सीमा के अनुरूप पूरे कराए जाएं। निर्माण कार्यों में किसी भी प्रकार की शिथिलता अथवा अनावश्यक देरी को स्वीकार नहीं किया जाएगा।
डीएम ने निर्देश दिए कि जिन परियोजनाओं का निर्माण कार्य पूरा हो चुका है, उनसे संबंधित आवश्यक प्रक्रियाएं तत्काल पूरी कराते हुए उनका संबंधित विभाग को शीघ्र हस्तांतरण सुनिश्चित किया जाए, ताकि आमजन को परियोजनाओं का लाभ समय से मिल सके।
उन्होंने निर्माण कार्यों की नियमित गुणवत्ता जांच कराने और निर्माण में प्रयुक्त सामग्री की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि निर्माण सामग्री की गुणवत्ता से किसी भी स्तर पर समझौता नहीं किया जाना चाहिए।
जिलाधिकारी ने कहा कि जिन कार्यदायी संस्थाओं को पूर्व में चेतावनी दिए जाने के बावजूद उनकी कार्यशैली में सुधार नहीं आया है, उनके खिलाफ निष्कासन की कार्रवाई के लिए शासन स्तर पर पत्राचार की प्रक्रिया पूरी की जाए।
बैठक में अधिशासी अभियंता, नलकूप खंड के बिना सूचना अनुपस्थित रहने पर संबंधित अधिकारी के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई करने के निर्देश भी दिए गए।
विकासखंड मोहम्मदाबाद की ग्राम पंचायत मौधा में लक्षित उत्सव भवन की खराब प्रगति पर जिलाधिकारी ने नाराजगी जताई। उन्होंने संबंधित कार्यदायी संस्था एवं अधिकारियों के विरुद्ध कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
डीएम ने सभी संबंधित विभागीय अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे निर्माणाधीन परियोजनाओं का नियमित रूप से स्थलीय निरीक्षण करें, मौके पर निर्माण की गुणवत्ता और प्रगति की जांच करें तथा शासन द्वारा निर्धारित मानकों का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित कराएं।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी विनोद कुमार गौड़, जिला विकास अधिकारी श्याम कुमार तिवारी, अपर पुलिस अधीक्षक गिरीश कुमार सिंह, परियोजना निदेशक डीआरडीए कपिल कुमार, जिला अर्थ एवं संख्या अधिकारी वीरेंद्र कुमार, जिला उद्यान अधिकारी राघवेंद्र सिंह, जिला पिछड़ा वर्ग कल्याण अधिकारी योगेश पाण्डेय, अधिशासी अभियंता लोक निर्माण विभाग मुरलीधर सहित संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कार्यदायी संस्थाओं के प्रतिनिधि मौजूद रहे।


