कमालगंज। थाना क्षेत्र के कानपुर रोड स्थित दीप केसरी माता मंदिर के पास महरुपुर रावी की बिहार बस्ती में दर्शन करने जा रहे युवकों के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। पुलिस ने पीड़ित की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, फतेहगढ़ की न्यू कॉलोनी नवदिया निवासी नीरज सिंह अपने दो दोस्तों – गढ़ी अफसर अली निवासी अश्वनी और पक्का पुल निवासी मयंक के साथ श्रृंगीरामपुर स्थित प्रसिद्ध श्रृंगी ऋषि मंदिर दर्शन करने जा रहे थे।
बताया जा रहा है कि जैसे ही वे महरुपुर रावी स्थित दीप केसरी माता मंदिर के सामने पहुंचे, महरुपुर रावी निवासी मनीष गिहार, शेखर गिहार और दो अज्ञात लोगों ने उन्हें रोक लिया और गाली-गलौज करते हुए मारपीट शुरू कर दी।
घटना के बाद पीड़ित नीरज सिंह ने थाना कमालगंज पहुंचकर पुलिस को लिखित शिकायत पत्र दिया। पुलिस ने शिकायत के आधार पर आरोपियों मनीष गिहार, शेखर गिहार और दो अज्ञात के विरुद्ध सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है।
थाना प्रभारी ने बताया कि मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और मामले की जांच की जा रही है। आरोपियों की तलाश की जा रही है, जल्द ही उन्हें गिरफ्तार किया जाएगा।


