कानपुर। नगर निगम के टेंडर मामले में शासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दो अवर अभियंताओं (जेई) को निलंबित कर दिया है। नगर निकाय निदेशालय के निदेशक की ओर से कार्रवाई की गई है।
निलंबित अधिकारियों में जेई (सिविल) आकाशदीप और बालेंद्र प्रताप सिंह शामिल हैं। दोनों पर फर्मों के रजिस्ट्रेशन में लापरवाही बरतने के साथ ही विकास कार्यों की निगरानी में गंभीर चूक के आरोप लगाए गए थे।
मामले की विभागीय जांच में आरोपों की पुष्टि होने के बाद निलंबन की कार्रवाई की गई। बताया गया है कि नगर आयुक्त की संस्तुति के आधार पर शासन स्तर से दोनों जेई को निलंबित किया गया है।
नगर निगम के टेंडर और विकास कार्यों में अनियमितताओं को लेकर हुई इस कार्रवाई से विभाग में हड़कंप मचा है। शासन की ओर से मामले में आगे भी जांच और कार्रवाई जारी रहने की संभावना है।


