जलालाबाद/शाहजहांपुर। जनपद शाहजहांपुर के प्रभारी मंत्री नरेंद्र कश्यप ने जलालाबाद क्षेत्र में बाढ़ प्रभावित इलाकों का दौरा कर जमीनी स्थिति का जायजा लिया। उनके साथ 132 विधानसभा क्षेत्र के विधायक हरि प्रकाश वर्मा तथा जिलाधिकारी शाहजहांपुर धर्मेंद्र प्रताप सिंह सहित प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे।
प्रभारी मंत्री ने बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में पहुंचकर जलभराव एवं बाढ़ की स्थिति का स्थलीय निरीक्षण किया और स्थानीय लोगों से बातचीत कर उनकी समस्याओं की जानकारी ली। ग्रामीणों ने बाढ़ के कारण आवागमन, फसल, पशुओं और दैनिक जीवन से जुड़ी परेशानियों से अधिकारियों को अवगत कराया।
मंत्री ने मौके पर मौजूद अधिकारियों से बाढ़ की वर्तमान स्थिति, प्रभावित आबादी, राहत एवं बचाव कार्यों तथा उपलब्ध कराई जा रही आवश्यक सुविधाओं की जानकारी ली। उन्होंने निर्देश दिए कि बाढ़ प्रभावित लोगों को किसी भी प्रकार की परेशानी न होने दी जाए और प्रशासन की ओर से राहत सामग्री, भोजन, पेयजल, चिकित्सा सुविधा तथा अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं लगातार उपलब्ध कराई जाएं।
राहत एवं बचाव कार्यों की ली जानकारी
नरेंद्र कश्यप ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि बाढ़ की स्थिति पर लगातार नजर रखी जाए। जिन क्षेत्रों में जलस्तर बढ़ने अथवा आवागमन प्रभावित होने की संभावना है, वहां पहले से आवश्यक तैयारियां सुनिश्चित की जाएं। जरूरत पड़ने पर प्रभावित परिवारों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने तथा राहत शिविरों में समुचित व्यवस्थाएं बनाए रखने के निर्देश भी दिए गए।
विधायक हरि प्रकाश वर्मा ने भी क्षेत्र की स्थिति से प्रभारी मंत्री एवं जिलाधिकारी को अवगत कराया। उन्होंने ग्रामीणों की समस्याओं को प्राथमिकता के आधार पर दूर कराने की आवश्यकता पर जोर दिया।
जिलाधिकारी धर्मेंद्र प्रताप सिंह ने प्रभारी मंत्री को जनपद में बाढ़ से निपटने के लिए प्रशासन द्वारा की जा रही तैयारियों और राहत कार्यों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि संबंधित विभागों एवं अधिकारियों को क्षेत्र में सक्रिय रहकर स्थिति पर निगरानी रखने तथा प्रभावित लोगों तक तत्काल सहायता पहुंचाने के निर्देश दिए गए हैं।
प्रभारी मंत्री ने कहा कि बाढ़ प्रभावित लोगों की सुरक्षा और राहत सरकार की प्राथमिकता है। प्रशासनिक अमला पूरी संवेदनशीलता के साथ कार्य करे और किसी भी प्रभावित व्यक्ति तक सहायता पहुंचने में देरी न हो। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि बाढ़ की स्थिति सामान्य होने तक क्षेत्र में लगातार निगरानी और राहत कार्य जारी रखे जाएं।
प्रभारी मंत्री नरेंद्र कश्यप ने बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का किया दौरा, प्रभावितों का जाना हाल


