रायबरेली। ऊंचाहार में चल रही शिवमहापुराण कथा के चौथे दिन सोमवार को लाखों शिवभक्तों की भीड़ उमड़ पड़ी। कथावाचक पंडित प्रदीप मिश्रा की कथा सुनने के लिए रायबरेली के साथ आसपास के जिलों से भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे। धार्मिक आयोजन में राज्यपाल आनंदीबेन पटेल, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं केंद्रीय वित्त राज्यमंत्री पंकज चौधरी और मध्य प्रदेश के उपमुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ला समेत कई प्रमुख जनप्रतिनिधियों ने पहुंचकर कथा सुनी।
राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने श्रद्धालुओं को संबोधित करते हुए बालिका शिक्षा, महिला सशक्तीकरण और सनातन संस्कारों पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि बेटियों की शिक्षा समाज और राष्ट्र की प्रगति की नींव है। सनातन परंपराएं जीवन को सही दिशा देने का काम करती हैं।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी ने आयोजन के लिए कैबिनेट मंत्री एवं ऊंचाहार विधायक मनोज कुमार पांडेय के प्रयासों की सराहना की। उन्होंने कहा कि इतने बड़े आयोजन के पीछे क्षेत्र के प्रति आत्मीयता और जनता के प्रति प्रतिबद्धता दिखाई देती है। लाखों श्रद्धालुओं की मौजूदगी मनोज पांडेय के प्रति जनता के विश्वास को दर्शाती है।
कथावाचक पंडित प्रदीप मिश्रा ने भगवान शिव की महिमा का वर्णन करते हुए कहा कि शिवभक्ति केवल पूजा-पाठ तक सीमित नहीं है, बल्कि यह जीवन को सेवा, सदाचार और अच्छे कर्मों से जोड़ने का मार्ग है। कथा के दौरान पूरा पंडाल शिवभक्ति के जयघोष से गूंजता रहा और श्रद्धालु भक्ति में लीन नजर आए।
श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए प्रशासन ने सुरक्षा, पेयजल, साफ-सफाई, चिकित्सा, पार्किंग और यातायात व्यवस्था के व्यापक इंतजाम किए। आयोजन में राज्यमंत्री राकेश राठौर, राज्य महिला आयोग की उपाध्यक्ष अपर्णा यादव, क्षेत्रीय अध्यक्ष अवधेश द्विवेदी, लखनऊ की महापौर सुषमा खरकवाल, एमएलसी रमा निरंजन, शैलेंद्र प्रताप सिंह समेत बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि और भाजपा पदाधिकारी मौजूद रहे।


