ब्लूधौऊ ट्रेडिंग कंपनी के नाम पर निवेश कराने का आरोप, 5 प्रतिशत मासिक ब्याज का दिया था लालच
लखनऊ। फर्जी निवेश कंपनी के जरिए लोगों से निवेश कराने के मामले में गाजीपुर पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार पकड़े गए आरोपियों की पहचान घनश्याम और प्रवीण कुमार के रूप में हुई है।
आरोप है कि दोनों ने ब्लूधौऊ ट्रेडिंग कंपनी के माध्यम से लोगों को निवेश के लिए तैयार किया। लोगों को कंपनी का एजेंट बनाने के साथ वेतन देने का लालच भी दिया गया। इसके अलावा निवेश की गई रकम पर 5 प्रतिशत मासिक ब्याज देने का प्रलोभन देकर धनराशि जमा कराई गई।
पुलिस के मुताबिक मामले में वर्ष 2024 में गाजीपुर थाने में मुकदमा दर्ज किया गया था। जांच के दौरान सामने आए तथ्यों और साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। मामले में निवेश के नाम पर कितने लोगों से कितनी धनराशि ली गई और नेटवर्क में अन्य कौन-कौन लोग शामिल हैं, इसकी जांच की जा रही है।


