मुंबई। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने समान नागरिक संहिता (यूसीसी) को लेकर बड़ा ऐलान किया है। उन्होंने कहा कि वर्ष 2029 में होने वाले लोकसभा चुनाव से पहले भाजपा के नेतृत्व वाली राजग सरकार वाले 21 राज्यों में समान नागरिक संहिता लागू कर दी जाएगी। शाह ने कहा कि केंद्र सरकार इस दिशा में लगातार आगे बढ़ रही है और कई राज्यों में यूसीसी लागू किया जा चुका है। उन्होंने भरोसा जताया कि अगले लोकसभा चुनाव से पहले शेष भाजपा-राजग शासित राज्यों में भी इसे लागू करने की प्रक्रिया पूरी कर ली जाएगी।
गृह मंत्री ने कहा कि समान नागरिक संहिता का उद्देश्य देश में नागरिकों के लिए समान कानून की व्यवस्था कायम करना है। उन्होंने तत्काल तीन तलाक खत्म किए जाने का उल्लेख करते हुए कहा कि इससे मुस्लिम महिलाओं को बराबरी का अधिकार मिला है। शाह ने कहा कि सरकार ने कई महत्वपूर्ण सुधार किए हैं और यूसीसी भी इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने संकेत दिया कि आने वाले समय में इस मुद्दे पर राज्यों में प्रक्रिया और तेज की जाएगी।
मणिपुर में जनगणना से पहले एनआरसी पर तैयारी
अमित शाह ने मणिपुर में राष्ट्रीय नागरिक रजिस्टर (एनआरसी) को लेकर भी सरकार की तैयारी स्पष्ट की। उन्होंने बताया कि मणिपुर में जनगणना से पहले एनआरसी को लेकर प्रक्रिया आगे बढ़ाई जा रही है। जब उनसे पूछा गया कि क्या एनआरसी के लिए वर्ष 1951 को आधार बनाया जाएगा, तो उन्होंने कहा कि इस संबंध में बातचीत चल रही है। केंद्र सरकार राष्ट्रीय स्तर पर अपने सहयोगी दलों से भी चर्चा कर रही है। उन्होंने कहा कि इस मुद्दे पर जो भी अंतिम निर्णय होगा, उसे उचित समय पर सार्वजनिक किया जाएगा।
मोदी के 25 साल पूरे होने पर देशभर में चलेगा सेवा अभियान
गृह मंत्री ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के मुख्यमंत्री और प्रधानमंत्री के रूप में 25 वर्ष पूरे होने के अवसर पर देशभर में बड़े अभियान की घोषणा भी की। उन्होंने बताया कि 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक ‘सेवा संकल्प अभियान’ चलाया जाएगा। इसमें भाजपा, राजग के घटक दलों और स्वयंसेवी संगठनों की भागीदारी रहेगी। अभियान को केवल राज्यों और जिलों तक सीमित नहीं रखा जाएगा, बल्कि लोकसभा-विधानसभा क्षेत्रों से लेकर बूथ स्तर तक विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
शाह के मुताबिक, अभियान के तहत देशभर में 12 प्रमुख कार्यक्रम होंगे। ‘सेवा दिवस’ पर रक्तदान, दीप प्रज्ज्वलन और जनता के प्रति आभार व्यक्त करने जैसे कार्यक्रम होंगे। बच्चों और युवाओं के लिए चित्रकला एवं भाषण प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। वहीं ‘नमो सेवा की अनकही कहानियां’ के माध्यम से स्थानीय भाषाओं में संगीत और नाट्य प्रस्तुतियों के जरिए सरकार की योजनाओं तथा सेवा कार्यों को गांव-गांव तक पहुंचाने की योजना है।
सात राज्यों से होकर गुजरेगी युवाओं की सेवा यात्रा
अभियान के दौरान ‘वडनगर से वाराणसी की सेवा यात्रा’ भी आयोजित की जाएगी। इसमें युवा मोटरसाइकिल से सात राज्यों से गुजरते हुए दोनों दिशाओं में यात्रा करेंगे और गांवों में रात्रि प्रवास करेंगे। ‘सेवा मेरा योगदान’ कार्यक्रम के तहत जनभागीदारी से 25 सेवा गतिविधियां संचालित की जाएंगी। ‘सेवा सेतु अभियान’ के जरिए केंद्र और राज्य सरकार की विभिन्न योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक पहुंचाने पर जोर दिया जाएगा।
इसके अलावा ‘सेवा के रंग, राष्ट्र के संग’ के तहत बड़े स्तर पर रंगोली अभियान, ‘सेवा फर्स्ट इनोवेशन चैलेंज’ के तहत पांच क्षेत्रों में नवाचार प्रतियोगिताएं और ‘सुशासन सेवा संवाद’ के तहत पंचायत से संसद तक चुने हुए प्रतिनिधियों के चार क्षेत्रीय महाकुंभ आयोजित किए जाएंगे। अभियान के दौरान मोदी सरकार की 25 वर्षों की यात्रा और उपलब्धियों को भी जनता के बीच रखा जाएगा।


