26 अगस्त की रात वारदात के बाद से था फरार, बहराइच से पकड़ा गया निखिल
बरेली। फरीदपुर थाना क्षेत्र के पचोमी पेट्रोल पंप पर मुफ्त पेट्रोल भरवाने के बाद फायरिंग करने के मामले में पुलिस ने फरार चल रहे आरोपी निखिल को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक तमंचा और कारतूस बरामद किया है।
बताया गया कि 26 अगस्त की रात पचोमी स्थित पेट्रोल पंप पर आरोपी ने दो बाइकों में क्रमश: 1030 रुपये और 1340 रुपये का पेट्रोल डलवाया था। इसके बाद फायरिंग की घटना को अंजाम देकर आरोपी मौके से फरार हो गया था। घटना के बाद से पुलिस उसकी तलाश में जुटी थी।
पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी निखिल को बहराइच से गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान उसके पास से तमंचा और कारतूस बरामद होने का दावा किया गया है।
पुलिस आरोपी से पूछताछ कर घटना के संबंध में अन्य जानकारियां जुटा रही है। साथ ही यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि फायरिंग की घटना के पीछे क्या वजह थी और वारदात में कोई अन्य व्यक्ति भी शामिल था या नहीं।
पुलिस की कार्रवाई के बाद मामले में आगे की कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।


