बाराबंकी। गोंडा के विनोद कुमार साहनी हत्याकांड में मृतक के परिजनों से मिलने जा रहे नगीना सांसद और आजाद समाज पार्टी के अध्यक्ष चंद्रशेखर आजाद को बाराबंकी में मसौली पुलिस ने रोक लिया। पुलिस ने उन्हें शहाबपुर टोल प्लाजा पर रोककर संरक्षण में लिया और बाद में रामनगर स्थित सर्किट हाउस ले गई।
बताया जा रहा है कि चंद्रशेखर आजाद अपने समर्थकों के साथ गोंडा जा रहे थे। इसी दौरान शहाबपुर टोल प्लाजा पर पुलिस ने उनका काफिला रोक दिया। पुलिस की कार्रवाई के बाद उनके समर्थकों में नाराजगी देखने को मिली।
चंद्रशेखर आजाद को पुलिस द्वारा रोके जाने से नाराज समर्थकों ने कथित तौर पर शहाबपुर टोल प्लाजा का बैरियर जबरन तोड़ दिया। इसके बाद मौके पर कुछ देर के लिए अफरातफरी का माहौल बन गया। पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित करने का प्रयास किया।
विनोद कुमार साहनी की मौत के बाद मामले को लेकर राजनीतिक सरगर्मी बढ़ गई है। मृतक के परिजनों से मिलने जा रहे चंद्रशेखर आजाद को रोके जाने की कार्रवाई को लेकर उनके समर्थकों में आक्रोश नजर आया। फिलहाल पुलिस की ओर से चंद्रशेखर आजाद को रोके जाने के कारणों और टोल प्लाजा पर हुए घटनाक्रम को लेकर विस्तृत जानकारी सामने नहीं आई है।


