जगमगाएंगे पंडाल, मंदिरों में गूंजेगी गणपति बप्पा की आरती; श्रद्धालुओं में उत्साह
नवाबगंज। नगर में गणेश महोत्सव को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं। सोमवार से शुरू होने वाले महोत्सव के लिए नगर के विभिन्न स्थानों पर भगवान गणेश की प्रतिमाएं स्थापित करने को पंडालों को अंतिम रूप दिया जा रहा है। मंदिर परिसरों और पंडालों को रंग-बिरंगी झालरों, आकर्षक रोशनी और सजावटी सामान से सजाया जा रहा है। कई प्रमुख स्थानों पर धार्मिक कार्यक्रमों के लिए ध्वनि विस्तारक यंत्र भी लगाए जा रहे हैं।
नगर के मुख्य बाजार मार्ग पर थाने के सामने स्थित हनुमान मंदिर, चिकन वाली गली के कमल मंदिर, मुख्य चौराहे के पंचवटी मंदिर तथा मंझना मार्ग पर ब्रह्मदेव के पास समेत कई स्थानों पर गणेश प्रतिमाएं स्थापित करने की तैयारियां चल रही हैं। पंडालों को आकर्षक रूप देने के लिए महोत्सव समितियों के सदस्य दिन-रात जुटे हुए हैं।
रविवार को भी विभिन्न गणेश महोत्सव समितियों के पदाधिकारियों ने तैयारियों का जायजा लिया। कहीं पंडाल को अंतिम रूप दिया जा रहा था तो कहीं बिजली की झालरों और रोशनी की व्यवस्था पूरी की जा रही थी। समिति पदाधिकारियों के अनुसार महोत्सव की तैयारियां करीब 20 दिनों से चल रही हैं। अधिकांश काम पूरा हो चुका है और रविवार शाम तक शेष व्यवस्थाएं पूरी करने का प्रयास किया जा रहा है।
कमेटी अध्यक्ष संतोष गुप्ता और पिंटू राठौर ने बताया कि महोत्सव के दौरान प्रतिदिन सुबह-शाम भगवान गणेश की आरती होगी। श्रद्धालुओं के लिए पूजा-अर्चना सहित विभिन्न धार्मिक कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे। गणेश महोत्सव को लेकर नगर के श्रद्धालुओं में खासा उत्साह है और सोमवार से पूरा नगर गणपति भक्ति में रंगा नजर आएगा।


