करनैलगंज रेलवे क्रॉसिंग के पास छुट्टा जानवर से टकराई बाइक, दोनों की हालत सामान्य
गोंडा। कजरी तीज मेले में ड्यूटी करने जा रहे दो पुलिसकर्मी सड़क हादसे में घायल हो गए। हादसा करनैलगंज रेलवे क्रॉसिंग के पास उस समय हुआ, जब दोनों सिपाहियों की बाइक अचानक सड़क पर आए छुट्टा जानवर से टकरा गई।
बताया गया कि दोनों सिपाही बस्ती से कजरी तीज की ड्यूटी के लिए गोंडा आए थे। करनैलगंज तिराहे की ओर जाते समय उनकी बाइक छुट्टा जानवर की चपेट में आ गई। टक्कर इतनी तेज थी कि दोनों सिपाही सड़क पर गिरकर घायल हो गए।
हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और घायल दोनों सिपाहियों को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद दोनों को बेहतर इलाज के लिए गोंडा मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया।
घटना की जानकारी मिलने पर क्षेत्राधिकारी ने गोंडा मेडिकल कॉलेज पहुंचकर घायल सिपाहियों का हाल जाना। चिकित्सकों ने दोनों का उपचार शुरू किया। फिलहाल दोनों सिपाहियों की हालत सामान्य बताई जा रही है।
कजरी तीज मेले को लेकर जिले में बड़ी संख्या में पुलिसकर्मियों की ड्यूटी लगाई गई है। इसी दौरान छुट्टा जानवर की वजह से हुए हादसे ने एक बार फिर मुख्य मार्गों पर घूम रहे आवारा पशुओं से जुड़े खतरे को सामने ला दिया है।


