= विनोद साहनी के परिजनों से मिलने जा रहे थे कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष
अखिलेश प्रताप सिंह, आसिम वकार और नरेंद्र सिंह समेत कई नेता भी रोके गए
बाराबंकी। गोंडा में बर्तन कारोबारी विनोद साहनी की हत्या के बाद उत्तर प्रदेश में सियासी हलचल तेज हो गई है। शनिवार को पीड़ित परिवार से मुलाकात करने गोंडा जा रहे उत्तर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय समेत कांग्रेस के कई नेताओं को बाराबंकी में पुलिस ने रोक लिया। बाद में पुलिस अजय राय और अन्य नेताओं को मसौली थाने ले गई।
अजय राय अपने नेतृत्व में कांग्रेस नेताओं के प्रतिनिधिमंडल के साथ विनोद साहनी के परिजनों से मिलने गोंडा जा रहे थे। मसौली टोल प्लाजा के पास पुलिस ने काफिले को रोक दिया। इस दौरान कांग्रेस नेताओं और पुलिस के बीच तीखी नोकझोंक भी हुई। इसके बाद पुलिस ने अजय राय समेत अन्य नेताओं को हिरासत में ले लिया।
अजय राय के साथ पूर्व विधायक एवं कांग्रेस नेता अखिलेश प्रताप सिंह, आसिम वकार, नरेंद्र सिंह समेत कई अन्य नेता और कार्यकर्ता भी मौजूद थे। कांग्रेस का आरोप है कि गोंडा जाने के मार्ग पर पुलिस ने बैरिकेडिंग कर नेताओं को आगे बढ़ने से रोका।
कांग्रेस नेताओं का कहना है कि उनका उद्देश्य किसी राजनीतिक कार्यक्रम में शामिल होना नहीं, बल्कि दिवंगत विनोद साहनी के परिवार से मिलकर संवेदना व्यक्त करना था। पार्टी ने पुलिस की कार्रवाई पर सवाल उठाते हुए इसे विपक्षी नेताओं को पीड़ित परिवार तक पहुंचने से रोकने का प्रयास बताया है।
अजय राय ने पुलिस कार्रवाई पर नाराजगी जताते हुए आरोप लगाया कि उन्हें बाराबंकी के मसौली थाने में गैरकानूनी तरीके से हिरासत में लिया गया। उन्होंने कहा कि पीड़ित परिवार के साथ खड़ा होना लोकतांत्रिक और मानवीय जिम्मेदारी है तथा किसी भी दबाव में कांग्रेस अपनी आवाज नहीं दबाएगी।
गोंडा के परसपुर क्षेत्र के रेक्सड़िया गांव निवासी विनोद साहनी की मौत के बाद मामला राजनीतिक रूप से भी तूल पकड़ चुका है। इससे पहले कैबिनेट मंत्री डॉ. संजय निषाद ने भी घटना को लेकर विरोध जताया और पीड़ित परिवार के पक्ष में कार्रवाई की मांग की थी। पुलिस ने मामले में आरोपियों की गिरफ्तारी के साथ कुछ पुलिस अधिकारियों पर भी कार्रवाई की है।
अब कांग्रेस नेताओं को गोंडा जाने से रोके जाने के बाद विपक्ष ने सरकार और पुलिस की कार्रवाई पर सवाल खड़े किए हैं। मामले को लेकर आने वाले दिनों में राजनीतिक टकराव और बढ़ने के आसार हैं।


