फर्रुखाबाद। बिजली चेकिंग के दौरान अवर अभियंता (जेई) से मारपीट के मामले में जेल भेजे गए रोडवेज कर्मी के परिवार ने बिजली चोरी का 1.24 लाख रुपये से अधिक का जुर्माना जमा कर दिया। विभाग की ओर से कनेक्शन काटने की तैयारी के बीच शुक्रवार को आरोपी की पत्नी ने बिजली विभाग के कार्यालय पहुंचकर बकाया जुर्माने की पूरी धनराशि जमा की। इसके बाद विभाग ने कनेक्शन काटने की कार्रवाई रोक दी।
लोको रोड निवासी रोडवेज कर्मी सुभाष चंद्र अहिरवार के घर सात सितंबर को बिजली विभाग की टीम ने चेकिंग की थी। जांच के दौरान टीम ने बिजली चोरी पकड़ी थी। आरोप है कि कार्रवाई के दौरान सुभाष चंद्र अहिरवार, उसके पुत्र रजत अहिरवार और अन्य परिजनों ने अवर अभियंता मुख्तार हुसैन के साथ मारपीट कर दी। हमले में जेई के हाथ में फ्रैक्चर हो गया था।
मामले में जेई मुख्तार हुसैन और एसडीओ अजय कुमार की तहरीर पर रोडवेज कर्मी, उसके पुत्र रजत अहिरवार समेत चार अज्ञात लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई गई थी। पुलिस आरोपी रोडवेज कर्मी सुभाष चंद्र अहिरवार को गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है, जबकि उसके पुत्र और अन्य आरोपियों की तलाश की जा रही है।
उधर, बिजली विभाग ने चोरी के मामले में सुभाष चंद्र अहिरवार के घर पर एक लाख 24 हजार 828 रुपये का जुर्माना लगाया था। नोटिस जारी करने के बाद जुर्माना जमा न होने पर विभागीय अधिकारी कनेक्शन काटने की तैयारी में थे। इसी बीच परिवार की ओर से जुर्माने की पूरी धनराशि जमा कर दी गई।
एसडीओ अजय कुमार ने बताया कि सुभाष चंद्र अहिरवार की पत्नी ने विभागीय कार्यालय पहुंचकर बिजली चोरी के मामले में लगाया गया जुर्माना जमा कर दिया है। धनराशि जमा होने के बाद फिलहाल घर का बिजली कनेक्शन काटने की कार्रवाई नहीं की जाएगी।


