लखनऊ। डिजिटल दौर में किताबों से बढ़ती दूरी के बीच मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने युवाओं को पढ़ने और ज्ञान का दायरा बढ़ाने का संदेश दिया। लखनऊ विश्वविद्यालय में शनिवार को पांचवें गोमती पुस्तक महोत्सव का शुभारंभ करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि केवल पाठ्यक्रम की किताबों तक सीमित रहने से ज्ञान अधूरा रहता है। समाज, देश और दुनिया को समझने के लिए साहित्य, इतिहास, धार्मिक ग्रंथ, महापुरुषों की जीवनियां और वैज्ञानिकों की शोध भी पढ़नी चाहिए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि डिजिटल और सामाजिक माध्यमों में समय खपाने के बजाय युवाओं को पुस्तकों से जुड़ना चाहिए। उन्होंने कहा कि पुस्तक महोत्सव ने उनकी यह धारणा बदली है कि युवा केवल डिजिटल माध्यमों तक सीमित हैं। बड़ी संख्या में युवा अब भी किताबों में रुचि रखते हैं। उन्होंने युवाओं से अपना ‘बुक बैंक’ बनाने और खाली समय में पुस्तकों को पढ़ने की आदत विकसित करने का आह्वान किया।
उन्होंने कहा कि ज्ञान को सीमित नहीं किया जा सकता। अपनी पाठ्यक्रम की पुस्तकों के साथ अन्य विषयों की किताबें पढ़ने से सोच व्यापक होती है और रचनात्मकता को नई दिशा मिलती है। मुख्यमंत्री ने युवाओं का उत्साह बढ़ाते हुए कहा कि कोई मंजिल कठिन नहीं होती, जरूरत अपनी राह तैयार करने की है।
राष्ट्रीय पुस्तक न्यास, प्रदेश सरकार और लखनऊ विश्वविद्यालय के सहयोग से आयोजित महोत्सव 20 सितंबर तक चलेगा। नौ दिवसीय आयोजन में करीब 250 पुस्तक स्टॉल लगाए गए हैं, जहां 121 प्रकाशकों की हिंदी, अंग्रेजी, उर्दू, अवधी समेत विभिन्न भारतीय भाषाओं की हजारों पुस्तकें उपलब्ध रहेंगी। महोत्सव में प्रवेश पूरी तरह नि:शुल्क रखा गया है। उद्घाटन अवसर पर 100 से अधिक पुस्तकों का लोकार्पण भी किया गया।
महोत्सव में बच्चों के लिए विशेष ‘बाल मंडप’ आकर्षण का केंद्र रहेगा। यहां कठपुतली नाटक, कहानी-कथन, वैदिक गणित, सुलेख, मिट्टी कला, कविता-पाठ और रचनात्मक लेखन जैसी गतिविधियां होंगी। शाम को कथक, लोक प्रस्तुतियां, मुशायरा, नाटक और दास्तानगोई के कार्यक्रम भी होंगे। राष्ट्रीय ई-पुस्तकालय के बारे में भी लोगों को जानकारी दी जाएगी, जहां सात हजार से अधिक ई-पुस्तकें उपलब्ध हैं।
कार्यक्रम में लखनऊ विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. जय प्रकाश सैनी, एनबीटी-इंडिया के अध्यक्ष प्रो. मिलिंद सुधाकर मराठे, बेसिक शिक्षा राज्य मंत्री संदीप सिंह, उच्च शिक्षा मंत्री योगेंद्र उपाध्याय, माध्यमिक शिक्षा राज्य मंत्री गुलाब देवी समेत कई प्रमुख लोग मौजूद रहे। महोत्सव में उप राज्यपाल दिल्ली तरनजीत सिंह संधू, अंतरिक्ष यात्री ग्रुप कैप्टन शुभांशु शुक्ला, लोक गायिका मालिनी अवस्थी और अन्य चर्चित हस्तियों के शामिल होने का कार्यक्रम है।


