– पर्यटन मंत्री जयवीर सिंह का बड़ा ऐलान
– विश्व पर्यटन मानचित्र पर स्थापित करने की तैयारी
– मोहम्मदाबाद हवाई पट्टी को छोटे हवाई अड्डे के रूप में विकसित करेंगे
फर्रुखाबाद। बाबा नीम करोली की पुण्यतिथि पर पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री और जिले के प्रभारी मंत्री जयवीर सिंह ने बड़ा ऐलान किया। उन्होंने कहा कि लक्ष्मण दास पुरी स्थित नीम करोली धाम को विश्व के पर्यटन मानचित्र पर स्थापित करने के लिए नई विकास परियोजना तैयार की जाएगी। इसके लिए नई सड़क समेत जरूरी सुविधाओं की विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (डीपीआर) तैयार करने के निर्देश दिए गए हैं।
उन्होंने कहा कि बाबा नीम करोली के देश-विदेश में बड़ी संख्या में श्रद्धालु हैं और हर वर्ष इनकी संख्या बढ़ रही है। श्रद्धालुओं की सुविधा को देखते हुए धाम की सड़क और हवाई कनेक्टिविटी मजबूत करने पर काम होगा। इसी क्रम में मोहम्मदाबाद हवाई पट्टी को छोटे हवाई अड्डे के रूप में विकसित करने की तैयारी की जा रही है।
लखनऊ से वृंदावन तक जुड़ेगा आध्यात्मिक सर्किट
जयवीर सिंह ने बताया कि उत्तर प्रदेश में अभी 12 पर्यटन सर्किट हैं। अब नीम करोली धाम को केंद्र में रखकर 13वां आध्यात्मिक पर्यटन सर्किट विकसित करने की योजना है। इसके तहत लखनऊ से फर्रुखाबाद होते हुए बाबा नीम करोली के जन्मस्थान फिरोजाबाद और समाधि स्थल वृंदावन को जोड़ने की योजना बनाई जा रही है।
मंत्री ने कहा कि इस सर्किट के विकसित होने से फर्रुखाबाद को धार्मिक और आध्यात्मिक पर्यटन के क्षेत्र में नई पहचान मिलेगी। देश के साथ विदेशों से आने वाले श्रद्धालुओं के लिए भी सुविधाएं बढ़ाई जाएंगी।
पर्यटन बढ़ा तो स्थानीय रोजगार भी बढ़ेगा
उन्होंने कहा कि किसी क्षेत्र में पर्यटन गतिविधियां बढ़ने के साथ विकास की संभावनाएं भी बढ़ती हैं। नीम करोली धाम के विकास से स्थानीय स्तर पर होटल, परिवहन, खानपान और अन्य व्यवसायों को बढ़ावा मिलेगा तथा युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे।
17 सितंबर से सेवा संकल्प अभियान
प्रभारी मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन 17 सितंबर से भारतीय जनता पार्टी द्वारा देशभर में सेवा संकल्प अभियान चलाया जाएगा। अभियान के तहत 12 प्रमुख प्रकल्पों पर काम किया जाएगा। उन्होंने कहा कि वर्ष 2047 के विकसित भारत के संकल्प को साकार करने के लिए व्यापक रूपरेखा तैयार की गई है।
बाढ़ में मृतक के परिजनों को चार लाख, बेघर परिवारों को राहत
गंगा पार क्षेत्र में बाढ़ की स्थिति पर जयवीर सिंह ने कहा कि बाढ़ से हुई एक मौत के मामले में आपदा राहत के तहत चार लाख रुपये की सहायता तत्काल दी गई है। बाढ़ में जिन लोगों के मकान बह गए हैं, उन्हें भी तत्काल राहत उपलब्ध कराने के निर्देश प्रशासन को दिए गए हैं।
उन्होंने कहा कि बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में सभी संबंधित विभाग राहत कार्य में जुटे हैं। प्रशासन को प्रभावित लोगों तक समय से सहायता पहुंचाने के निर्देश दिए गए हैं।
गंगा की धारा को लेकर बनेगी बड़ी कार्ययोजना
मंत्री ने कहा कि गंगा की धारा और उससे जुड़ी बाढ़ की समस्या के स्थायी समाधान के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देशन में बड़ी कार्ययोजना तैयार की जा रही है। सरकार का प्रयास है कि भविष्य में बाढ़ से होने वाले नुकसान को कम किया जा सके।
तीन हजार धार्मिक स्थलों के विकास का दावा
जयवीर सिंह ने कहा कि प्रदेश में धार्मिक, आध्यात्मिक और पर्यटन स्थलों के विकास पर बड़े स्तर पर काम हो रहा है। उनके अनुसार, आस्था से जुड़े करीब तीन हजार धार्मिक एवं आध्यात्मिक स्थलों को विकसित और बेहतर बनाया जा चुका है।


