चप्पे-चप्पे पर पुलिस तैनात, ड्रोन से निगरानी; संवेदनशील क्षेत्रों और धार्मिक स्थलों पर विशेष नजर
सहारनपुर। कलेक्ट्रेट परिसर स्थित मस्जिद के ध्वस्तीकरण को लेकर चल रहे मामले के बीच शुक्रवार को जुमे की नमाज को देखते हुए सहारनपुर में पुलिस-प्रशासन पूरी तरह अलर्ट है। शहर से लेकर देहात तक सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है। संवेदनशील इलाकों में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है और हालात पर लगातार नजर रखी जा रही है।
जुमे की नमाज के दौरान किसी भी तरह की अप्रिय स्थिति उत्पन्न न हो, इसके लिए पुलिस ने धार्मिक स्थलों और संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष निगरानी व्यवस्था की है। प्रमुख स्थानों पर पुलिसकर्मियों की तैनाती के साथ ही संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखी जा रही है।
सुरक्षा व्यवस्था के तहत संवेदनशील इलाकों में ड्रोन कैमरों के जरिए निगरानी की जा रही है। पुलिस अधिकारियों और स्थानीय पुलिस टीमों को लगातार क्षेत्र में भ्रमण कर स्थिति पर नजर रखने के निर्देश दिए गए हैं। भीड़भाड़ वाले स्थानों और नमाज स्थलों के आसपास भी सुरक्षा व्यवस्था मजबूत की गई है।
पुलिस-प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जुमे की नमाज के दौरान शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए सभी जरूरी कदम उठाए गए हैं। शांति भंग करने या माहौल खराब करने का प्रयास करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
अधिकारियों ने लोगों से शांति बनाए रखने और किसी भी तरह की अफवाह पर ध्यान न देने की अपील की है। पुलिस सोशल मीडिया और अन्य माध्यमों पर प्रसारित होने वाली भ्रामक सूचनाओं पर भी नजर रख रही है। प्रशासन का जोर है कि जुमे की नमाज शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो और किसी भी स्थिति में कानून-व्यवस्था प्रभावित न हो।


