30.2 C
Lucknow
Thursday, September 10, 2026

कंपिल में रामलीला की तैयारियां शुरू, नई कमेटी को मिली जिम्मेदारियां

Must read

 

– पौराणिक नगरी में भगवान श्रीराम के आदर्शों को मंच पर जीवंत करने की तैयारी
– व्यवस्थाओं को लेकर हुई बैठक

कंपिल, फर्रुखाबाद । महाभारत कालीन ऐतिहासिक पहचान और राजा द्रुपद की प्राचीन राजधानी के रूप में विख्यात तीर्थनगरी कंपिल की पावन धरा एक बार फिर भगवान श्रीराम के आदर्शों से गुंजायमान होने जा रही है। नगर में रामलीला मंचन को लेकर तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। मंचन व्यवस्था के साथ सुरक्षा, स्वच्छता, प्रकाश और दर्शकों की सुविधाओं को लेकर व्यापक कार्ययोजना तैयार की जा रही है।
इसी क्रम में बाईपास रोड स्थित व्यापारी नेता ऋषभ गुप्ता के आवास पर श्री रामलीला कमेटी की बैठक आयोजित हुई। बैठक का संचालन आर्येंद्र सिंह यादव ने किया। बैठक से पहले भगवान श्रीराम की विधिवत आरती उतारी गई। इसके बाद कमेटी सदस्यों और नगर के संभ्रांत नागरिकों ने रामलीला मंचन को भव्य एवं व्यवस्थित बनाने को लेकर अपने सुझाव रखे।
नवमनोनीत संरक्षक पुखराज डागा ने कहा कि कंपिल जैसी पावन धरा पर रामलीला का मंचन केवल मनोरंजन का माध्यम नहीं, बल्कि नई पीढ़ी को मर्यादा, संस्कार और आदर्शों से जोड़ने का महत्वपूर्ण माध्यम है। कमेटी का प्रयास रहेगा कि भगवान श्रीराम के जीवन आदर्शों और मर्यादाओं को पूरी दिव्यता के साथ मंच पर जीवंत किया जाए।
कमेटी अध्यक्ष नीरज पाण्डेय ने नगरवासियों से रामलीला के सफल आयोजन में सहयोग की अपील की। उन्होंने कहा कि आयोजन को बेहतर बनाने के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाओं पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।
बैठक में रामलीला कमेटी की नई जिम्मेदारियां भी तय की गईं। नगर पंचायत अध्यक्ष राजवती यादव एवं समाजसेवी पुखराज डागा को संरक्षक, नीरज पाण्डेय को अध्यक्ष, उपेंद्र वर्मा उर्फ रवि वर्मा को संयोजक, राघव चंद्र शुक्ला को कोषाध्यक्ष, आर्येंद्र सिंह यादव को महामंत्री, महेंद्र सिंह प्रजापति को संयुक्त महामंत्री और ऋषभ गुप्ता को मुख्य प्रबंधक बनाया गया।
इसके अलावा आदेश वर्मा, नितिन मिश्रा, महेश चंद्र राठौर, राजेंद्र प्रजापति, प्रणव शर्मा, सौरभ मिश्रा, राजेश सैनी, आशीष जैन, हिमांशु गुप्ता, राजेश कठेरिया, सुरेंद्र शाक्य और ब्रह्मानंद बाथम को उपाध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी गई।
इस दौरान रामेत वर्मा, राजू बाथम, गुड्डन सक्सेना, राकेश कठेरिया, सुमित श्रीवास्तव और पूर्व सभासद रामवीर सहित बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक एवं कमेटी सदस्य मौजूद रहे।

Must read

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article