30 C
Lucknow
Friday, September 11, 2026

नई इंटरलॉकिंग सड़क बनने से पुरानी सड़क हुई नीची, जलभराव का खतरा

Must read

फर्रुखाबाद। नगर पालिका परिषद की ओर से कराई गई नई इंटरलॉकिंग सड़क के निर्माण के बाद पुरानी सड़क का स्तर नीचे हो जाने से मोहल्लेवासियों के सामने जलभराव और आवागमन की समस्या खड़ी हो गई है। मामले को लेकर वंदेमातरम किसान यूनियन के राष्ट्रीय अध्यक्ष नंदकिशोर दुबे ने अधिशासी अधिकारी नगर पालिका परिषद फर्रुखाबाद को प्रार्थना पत्र देकर पुरानी सड़क को नई सड़क के बराबर कराने की मांग की है। प्रार्थना पत्र की प्रतिलिपि मुख्यमंत्री और जिलाधिकारी को भी भेजी गई है।
मोहल्ला सातनपुर निवासी नंदकिशोर दुबे ने बताया कि नगर पालिका की ओर से उनके मकान से रामकृपाल के मकान तक इंटरलॉकिंग ईंटों से नई सड़क का निर्माण कराया गया है। नई सड़क का निर्माण होने के बाद उससे जुड़ने वाली पुरानी लगभग 25 मीटर लंबी सड़क का स्तर काफी नीचे हो गया है। यह सड़क गोपाल के मकान से शिवम द्विवेदी के मकान तक है। दोनों सड़कों के स्तर में अंतर होने के कारण लोगों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
नंदकिशोर दुबे का कहना है कि यदि पुरानी सड़क को नई सड़क के स्तर तक नहीं कराया गया तो बारिश के दौरान जलभराव की गंभीर समस्या उत्पन्न हो सकती है। ऊंची सड़क से बारिश का पानी बहकर नीचे स्थित पुरानी सड़क पर पहुंचेगा और वहां से लोगों के घरों के सामने पानी जमा होने की आशंका है। इससे मोहल्लेवासियों को लंबे समय तक जलभराव की समस्या से जूझना पड़ सकता है।
उन्होंने बताया कि सड़क के ऊंचे-नीचे होने के कारण दोपहिया वाहन चालकों के साथ बुजुर्गों और राहगीरों के गिरकर चोटिल होने का खतरा भी बना हुआ है। लगातार जलभराव होने की स्थिति में पुरानी सड़क के क्षतिग्रस्त होकर बैठने की भी आशंका है, जिससे समस्या और गंभीर हो सकती है।
प्रार्थना पत्र में यह भी बताया गया है कि पुरानी सड़क के समाप्त होने के बाद कन्या जूनियर हाईस्कूल स्थित है। सुबह और दोपहर के समय बड़ी संख्या में छात्राओं और स्कूली बच्चों का यहां से आवागमन होता है। ऐसे में सड़क का ऊंचा-नीचा होना स्कूली बच्चों के लिए भी परेशानी और दुर्घटना का कारण बन सकता है।

Must read

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article