कमालगंज : करमा कमालगंज में होने वाले आगामी गणेश महोत्सव को भव्य और सुरक्षित तरीके से संपन्न कराने के लिए बुधवार को कमालगंज थाने में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता थाना प्रभारी राम सहाय सिंह ने की। इसमें गणेश सेवा समिति के पदाधिकारियों के साथ फतेहपुर राव साहब क्षेत्र के ग्रामीण भी शामिल हुए।
बैठक में सुरक्षा, भीड़ प्रबंधन और कार्यक्रम की रूपरेखा पर विस्तार से मंथन हुआ। प्रतिमा आगमन और भीड़ का अनुमान के आधार पर पुलिस बल की तैनाती के संबंध में विचार किया गया
गणेश सेवा समिति के अध्यक्ष अमित गुप्ता ने बताया कि 12 सितंबर को गणपति की प्रतिमा नगर में आएगी। स्वागत के दौरान करीब एक हजार लोगों के जुटने की उम्मीद है। उन्होंने पुलिस प्रशासन से महिला श्रद्धालुओं की सुरक्षा को देखते हुए महिला कांस्टेबलों की संख्या बढ़ाने का आग्रह किया।
अमित गुप्ता ने बताया कि 2009 से लगातार आयोजित हो रहा यह महोत्सव हर साल और विशाल होता जा रहा है। पहले दिन की शाम की आरती में ही चार से पांच हजार भक्त पहुंचते हैं, जबकि अंतिम दिनों में यह आंकड़ा 10 से 15 हजार तक पहुंच जाता है।
थाना प्रभारी की अपील
थाना प्रभारी राम सहाय सिंह ने समिति से सभी वॉलिंटियर्स की लिस्ट उपलब्ध कराने को कहा, ताकि भीड़ के दौरान पुलिस के साथ मिलकर व्यवस्था को बेहतर तरीके से संभाला जा सके। उन्होंने सभी से अपील की कि उत्सव के दौरान नशा करके न आएं और किसी भी प्रकार की अव्यवस्था न फैलाएं।
इस अवसर पर शिवकुमार गोयल, अजय माहेश्वरी, गोपाल विश्नोई, ध्रुव प्रकाश मिश्रा, अनुभव गुप्ता, अशोक श्रीवास्तव गोल्डी, पप्पू प्रधान, राघव शुक्ला, रिशु राठौर, प्रतीक गुप्ता, आकाश गुप्ता भटूरे, आकाश गुप्ता नेपाली, पप्पू हलवाई सभासद और मधुसूदन दवे सहित कई अन्य लोग मौजूद रहे, साथ में मीडिया कर्मी मौजूद रहे।


