एयर इंडिया की उड़ान को करना पड़ा ‘गो-अराउंड’, दूसरी कोशिश में सुरक्षित उतरा विमान
लखनऊ। कांग्रेस नेता और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी मंगलवार को उस समय बाल-बाल बचे, जब दिल्ली से लखनऊ आ रही एयर इंडिया की उड़ान को लैंडिंग से ठीक पहले अचानक गो-अराउंड करना पड़ा। विमान लखनऊ के चौधरी चरण सिंह अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर उतरने के लिए रनवे के करीब पहुंच चुका था, तभी पायलट ने लैंडिंग रोककर विमान को दोबारा ऊपर उठा दिया।
बताया गया कि एयर इंडिया की उड़ान एआई-1717 दिल्ली से लखनऊ आ रही थी और उसमें राहुल गांधी भी सवार थे। पहली लैंडिंग के दौरान विमान का एप्रोच अनुकूल नहीं होने पर पायलट ने सुरक्षा के लिहाज से लैंडिंग को टाल दिया और विमान को दोबारा ऊंचाई पर ले जाकर नए एप्रोच के लिए भेजा।
पहली कोशिश में लैंडिंग टलने के बाद विमान ने दोबारा चक्कर लगाया और पायलट ने दूसरे प्रयास में विमान को सुरक्षित रूप से लखनऊ एयरपोर्ट पर उतार लिया। रिपोर्टों के मुताबिक, विमान दिल्ली से करीब दोपहर 2:20 बजे रवाना हुआ था और उसे लगभग 3:30 बजे लखनऊ पहुंचना था।
विमान के दोबारा ऊपर उठने से यात्रियों में कुछ समय के लिए घबराहट जरूर हुई, लेकिन यह प्रक्रिया विमानन क्षेत्र में ‘गो-अराउंड’ कहलाती है और असुरक्षित लैंडिंग एप्रोच की स्थिति में पायलट द्वारा अपनाई जाने वाली मानक सुरक्षा प्रक्रिया है।
फिलहाल राहुल गांधी समेत विमान में सवार सभी यात्रियों के सुरक्षित होने की जानकारी है।


