परिजनों ने अस्पताल पर लगाया लापरवाही का आरोप
ऑपरेशन के बाद बिगड़ी हालत, लगातार रक्तस्राव का दावा; दूसरे ऑपरेशन के बाद भी नहीं बची जान, लोहिया अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने मृत घोषित किया
फर्रुखाबाद। शहर के एक नर्सिंग होम में जुड़वा बेटों को जन्म देने के बाद महिला की हालत बिगड़ गई। परिजनों के मुताबिक प्रसव के बाद लगातार रक्तस्राव होने लगा। हालत गंभीर होने पर नर्सिंग होम में दोबारा ऑपरेशन किया गया, लेकिन महिला की हालत में सुधार नहीं हुआ। देर शाम उसे रेफर कर दिया गया। परिजन लोहिया अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया।
हरदोई जिले के सवायजपुर थाना क्षेत्र निवासी अभिषेक जोशी ने बताया कि उनकी बहन अंजलि की शादी वर्ष 2024 में फर्रुखाबाद के नवाबगंज थाना क्षेत्र के गनीपुर जोगपुर निवासी अमन के साथ हुई थी। सोमवार तड़के करीब तीन बजे अंजलि को प्रसव पीड़ा शुरू हुई। ससुराल वाले उसे शहर के एक नर्सिंग होम लेकर पहुंचे, जहां ऑपरेशन से प्रसव कराया गया। अंजलि ने दो जुड़वा बेटों को जन्म दिया।
परिजनों के अनुसार प्रसव के बाद अंजलि की हालत अचानक बिगड़ने लगी। आरोप है कि उसका रक्तस्राव बंद नहीं हो रहा था और बच्चेदानी से संबंधित परेशानी बताई गई। हालत गंभीर होने पर नर्सिंग होम के डॉक्टरों ने दोबारा ऑपरेशन किया, लेकिन इसके बावजूद उसकी हालत में सुधार नहीं हुआ।
अभिषेक के मुताबिक शाम करीब आठ बजे नर्सिंग होम संचालक ने एंबुलेंस बुलाकर अंजलि को दूसरे अस्पताल ले जाने के लिए कहा। परिजन उसे लेकर निकले, लेकिन कुछ ही देर बाद उसकी मौत हो गई।
घटना की सूचना पुलिस को भी दी गई। सोमवार देर रात करीब दो बजे परिजन अंजलि को लेकर लोहिया अस्पताल की इमरजेंसी पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। अस्पताल प्रशासन ने शव को मोर्चरी में रखवा दिया और थाना पुलिस को घटना की सूचना दी।
परिजनों ने नर्सिंग होम में इलाज के दौरान लापरवाही बरतने का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि प्रसव के बाद महिला की हालत लगातार बिगड़ती रही, इसके बावजूद समय रहते उचित उपचार और बेहतर चिकित्सा व्यवस्था नहीं मिल सकी। हालांकि अस्पताल प्रबंधन का पक्ष सामने नहीं आया है। पुलिस मामले की जानकारी जुटा रही है। जांच के बाद ही महिला की मौत की वास्तविक वजह और इलाज में किसी तरह की लापरवाही के आरोपों की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।


