लखनऊ। मलिहाबाद क्षेत्र में लगातार बढ़ रहे जलस्तर के बीच झाऊबेरिया गांव में नाला उफनाने से हालात गंभीर हो गए हैं। नाले का पानी पुल के ऊपर से बहने के कारण पुल पूरी तरह जलमग्न हो गया है। इसके चलते इस मार्ग से आवागमन पूरी तरह बंद हो गया है और ग्रामीणों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
पुल के डूबने से हरदोई-रहीमाबाद-लखनऊ मार्ग पर आवागमन प्रभावित हुआ है। पानी का बहाव तेज होने के कारण लोगों के लिए पुल पार करना जोखिम भरा हो गया है। स्थानीय लोगों का कहना है कि जलभराव और पुल की समस्या लंबे समय से बनी हुई है, लेकिन स्थायी समाधान नहीं हो सका है।
ग्रामीणों के मुताबिक, क्षेत्र में बेहतर और सुरक्षित पुल के निर्माण की मांग काफी समय से की जा रही है। बरसात के दिनों में नाला उफनाने के साथ ही आवागमन की समस्या विकराल हो जाती है। पुल के ऊपर पानी आने से ग्रामीणों का मुख्य मार्ग से संपर्क प्रभावित हो जाता है।
ग्रामीणों ने बताया कि पानी के तेज बहाव के कारण पहले भी एक बच्चे की मौत हो चुकी है। इसके बावजूद समस्या का स्थायी समाधान नहीं होने से लोगों में नाराजगी है। मौजूदा हालात को देखते हुए ग्रामीणों ने प्रशासन से पुल निर्माण और जलनिकासी की स्थायी व्यवस्था कराने की मांग की है, ताकि बारिश के दौरान किसी बड़े हादसे की पुनरावृत्ति न हो।


