कमालगंज: कमालगंज थाना क्षेत्र के लेनगांव में सोमवार को एक छोटी सी कहासुनी ने हिंसक रूप ले लिया।
बताया जा रहा है कि गांव के रहने वाले मेघनाथ के घर में निर्माण का काम चल रहा था। इसी दौरान काम कर रहे राजमिस्त्री से कुछ लोगों की किसी बात को लेकर बहस हो गई। राजमिस्त्री का साथ देने के लिए एक व्यक्ति आगे आया, तो बात और बिगड़ गई और दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए।
आरोप है कि देखते ही देखते गाली-गलौज शुरू हो गई और फिर लाठी-डंडे चलने लगे। इसी बीच जब एक महिला झगड़ा शांत कराने और बीच-बचाव के लिए आई तो हमलावरों ने उसे भी नहीं बख्शा, लाठी-डंडों से पीटकर उसे भी घायल कर दिया। इस पूरी मारपीट में कुल 4 लोग घायल हुए हैं।
घटना के बाद सभी घायल देर शाम सीधे थाने पहुंचे और पुलिस को आपबीती बताई। पुलिस ने तुरंत सभी घायलों को इलाज और मेडिकल जांच के लिए कमालगंज के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) भेज दिया।
इस मामले में कमालगंज के थाना अध्यक्ष राम सहाय सिंह का कहना है कि घायलों को अस्पताल भिजवा दिया गया है। पूरे मामले की जांच की जा रही है, जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।


