28 C
Lucknow
Monday, September 7, 2026

बिजली चोरी की जांच करने पहुंचे जेई और एसडीओ से मारपीट, जेई का हाथ फ्रैक्चर

Must read

फर्रुखाबाद। बिजली चोरी की शिकायत पर जांच करने पहुंचे विद्युत विभाग के अवर अभियंता (जेई) और उपखंड अधिकारी (एसडीओ) के साथ गृहस्वामी और उसके पुत्र द्वारा मारपीट किए जाने का मामला सामने आया है। आरोप है कि दोनों ने अधिकारियों के साथ गाली-गलौज करते हुए हाथापाई की और सड़क पर गिराकर लात-घूंसों से जमकर पीटा। मारपीट में अवर अभियंता के दाहिने हाथ में फ्रैक्चर हो गया। आरोप यह भी है कि हमलावरों ने सरकारी कागजात छीन लिए। घटना के बाद पीड़ित अधिकारियों ने कोतवाली फतेहगढ़ पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।
पुलिस को दी गई तहरीर में अवर अभियंता मुख्तार हुसैन और उपखंड अधिकारी अजय कुमार ने बताया कि सोमवार दोपहर करीब दो बजे बिजली मित्र की शिकायत पर वह दोनों भोलेपुर स्थित लोको रोड, बरसाती गैरेज के पास निवासी सुभाष चंद्र अहिरवार पुत्र रामसनेही के घर बिजली चोरी की जांच करने पहुंचे थे।
अधिकारियों के मुताबिक जांच के दौरान मौके पर बिजली चोरी पाए जाने के बाद टीम द्वारा साक्ष्य एकत्र किए जा रहे थे। इसी दौरान गृहस्वामी सुभाष चंद्र और उसके पुत्र रजत ने गाली-गलौज शुरू कर दी। विरोध करने पर दोनों ने अधिकारियों के साथ हाथापाई करते हुए मारपीट कर दी। आरोप है कि दोनों ने उन्हें सड़क पर गिराकर लात-घूंसों से पीटा। इस दौरान अवर अभियंता मुख्तार हुसैन के दाहिने हाथ में गंभीर चोट आई और चिकित्सकीय जांच में फ्रैक्चर बताया गया।
पीड़ित अधिकारियों ने आरोप लगाया कि मारपीट के दौरान आरोपियों ने सरकारी कार्य में बाधा डालने के साथ ही जांच से संबंधित सरकारी कागजात भी छीन लिए। घटना की सूचना पुलिस को दी गई, जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जानकारी ली।
विद्युत विभाग के अधिकारियों ने कोतवाली फतेहगढ़ पुलिस को तहरीर देकर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। पुलिस का कहना है कि तहरीर के आधार पर मामले की जांच की जा रही है। जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Must read

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article