28 C
Lucknow
Monday, September 7, 2026

मोबाइल झपटने का आरोप, ग्रामीणों ने दो युवकों को पकड़ा

Must read

 

युवती के शोर मचाने पर चरवाहों ने घेरकर पकड़ा, पुलिस ने पूछताछ के बाद मोबाइल लौटाया

मोहम्मदाबाद। थाना क्षेत्र के गांव दुर्गूपुर निवासी अनामिका पुत्री प्रभु दयाल शाक्य उगरपुर सुल्तानपुर पट्टी स्थित एक निजी स्कूल में शिक्षिका हैं। सोमवार को स्कूल की छुट्टी के बाद वह अपने एक वर्षीय पुत्र केशु को दवा दिलाने के लिए दोपहर करीब 2:30 बजे पैदल राठौरा बाजार जा रही थीं।

बताया गया कि राठौरा बाजार से दुर्गापुर जाने वाले मार्ग पर पुलिया के निकट पीछे से बाइक सवार दो युवक आए और अनामिका के हाथ से मोबाइल झपटने का प्रयास किया। इस दौरान मोबाइल सड़क पर गिर गया। अनामिका के शोर मचाने पर आसपास खेतों में मवेशी चरा रहे चरवाहों और ग्रामीणों ने बाइक सवार दोनों युवकों को घेरकर पकड़ लिया। ग्रामीणों ने दोनों युवकों के साथ मारपीट करने के बाद उन्हें ताजपुर चौकी पुलिस के सुपुर्द कर दिया।

पुलिस बाइक संख्या यूपी 79 ए 4879 और दोनों युवकों को थाने ले आई। पकड़े गए युवकों ने पूछताछ में अपना नाम लेखराज बाथम और शवेंद्र, निवासी गढ़िया ब्रह्मपुर, थाना छिबरामऊ, जनपद कन्नौज बताया।

कार्यवाहक थाना प्रभारी धर्मेंद्र मलिक ने बताया कि जांच में सामने आया कि युवती मोबाइल पर बात करते हुए पैदल जा रही थी। इसी दौरान बाइक सवार युवकों ने मोबाइल पर झपट्टा मारा, जिससे मोबाइल नीचे गिर गया। युवती के शोर मचाने पर ग्रामीणों ने दोनों युवकों को पकड़ लिया और उनके साथ मारपीट की।

पुलिस के अनुसार युवती ने मामले में मुकदमा दर्ज कराने से इनकार कर दिया। इसके बाद उसका मोबाइल उसे वापस कर दिया गया। पकड़े गए दोनों युवकों से पुलिस पूछताछ कर रही है।

Must read

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article