30 C
Lucknow
Monday, September 7, 2026

दो बंद मकान में छत के सहारे घुसे चोर, लाखों के जेवर और नकदी समेत सामान चोरी

Must read

फर्रुखाबाद। थाना कादरीगेट क्षेत्र में चोरों ने एक बंद मकान को निशाना बनाते हुए छत के सहारे घर में प्रवेश कर लाखों रुपये के जेवरात, हजारों की नकदी समेत पीतल के बर्तन और अन्य सामान चोरी कर लिया। चोरों ने पड़ोस में बने गृहस्वामी के भाई के मकान को भी नहीं छोड़ा और वहां भी ताले तोड़कर चोरी की घटना को अंजाम दिया। एक ही परिवार के दो मकानों में चोरी की घटना से इलाके में हड़कंप मच गया।
जानकारी के अनुसार थाना कादरीगेट क्षेत्र के चांदपुर पाती राम नगला निवासी भीम पुत्र रामसेवक जाटव के भाई संजीव का हाल ही में ऑपरेशन हुआ है। संजीव अस्पताल में भर्ती हैं, जबकि परिवार के अन्य सदस्य भी अस्पताल में मौजूद थे। इसी वजह से भीम के घर में बाहर से ताला लगा हुआ था। रात में चोरों ने इसी का फायदा उठाया और छत के रास्ते मकान के अंदर दाखिल हो गए।
घर के अंदर पहुंचने के बाद चोरों ने कमरों को खंगाल डाला और अलमारी तथा अन्य स्थानों पर रखा सामान चोरी कर लिया। भीम के मुताबिक चोर घर से करीब 10 लाख रुपये कीमत के जेवरात, 30 हजार रुपये की नकदी, पीतल के बर्तन तथा फेरी लगाकर कपड़े बेचने के लिए रखे गए कपड़े भी चोरी कर ले गए। बताया गया कि ये कपड़े उनके पिता फेरी लगाकर बेचने का काम करते थे।
चोरों ने इसके बाद बगल में बने भीम के बड़े भाई संजीव के मकान को भी निशाना बनाया। वहां भी ताले टूटे मिले। संजीव का ऑपरेशन होने के कारण वह अस्पताल में भर्ती हैं, जबकि उनकी पत्नी मीना अपने मायके गांव उबरी खेड़ा गई हुई थीं। घर बंद होने का फायदा उठाकर चोरों ने इस मकान में भी चोरी की।
परिजनों के अनुसार संजीव की पत्नी मीना के वापस लौटने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा कि उनके घर से कौन-कौन सा सामान चोरी हुआ है और चोरी हुए सामान की कुल कीमत कितनी है। घटना के बाद परिवार में चिंता और आक्रोश का माहौल है।
दोनों मकानों में चोरी की जानकारी मिलने पर पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। आसपास के लोगों से भी घटना के संबंध में जानकारी जुटाई जा रही है। एक ही परिवार के दो बंद मकानों को निशाना बनाए जाने से ग्रामीणों में भी सुरक्षा को लेकर चिंता बनी हुई है। पुलिस से जल्द चोरों का पता लगाकर चोरी का सामान बरामद करने की मांग की गई है।

Must read

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article