अमृतपुर: कस्बे के तिराहे पर सोमवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब एक युवक की विक्की में अचानक आग की लपटें उठने लगीं। देखते ही देखते विक्की धू-धूकर जलने लगी। अचानक हुई घटना से मौके पर मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई।
जानकारी के अनुसार युवक अपनी विक्की तिराहे पर खड़ी कर मूंगफली खरीदने के लिए ठेली पर गया था। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक विक्की का स्विच ऑन था। इसी दौरान अचानक शॉर्ट सर्किट हुआ और विक्की में आग भड़क उठी। कुछ ही पलों में आग ने विक्की के हिस्से को अपनी चपेट में ले लिया।विक्की से आग की लपटें उठती देखकर आसपास के दुकानदार तत्काल मौके पर दौड़ पड़े। दुकानदारों ने बिना समय गंवाए पानी डालकर आग बुझाने का प्रयास शुरू कर दिया। सामूहिक प्रयास से कुछ ही देर में आग पर काबू पा लिया गया। दुकानदारों की सूझबूझ और तत्परता के चलते आग आसपास की दुकानों तक नहीं पहुंच सकी, जिससे बड़ा हादसा होने से टल गया।
आग लगने से विक्की का काफी हिस्सा जलकर क्षतिग्रस्त हो गया। गनीमत रही कि घटना के दौरान कोई व्यक्ति इसकी चपेट में नहीं आया। यदि आग समय रहते नहीं बुझाई जाती तो तिराहे पर मौजूद दुकानों और सामान को भी नुकसान पहुंच सकता था। घटना के बाद मौके पर काफी देर तक लोगों की भीड़ जुटी रही।


