फर्रुखाबाद। जिले की खाली पड़ी पुलिस चौकियों पर प्रभारियों की तैनाती करने के लिए एसपी आरती सिंह ने रविवार देर रात 10 उपनिरीक्षकों के कार्यक्षेत्र में फेरबदल किया। आदेश के तहत कई चौकियों पर नए प्रभारी तैनात किए गए, जबकि कुछ उपनिरीक्षकों को पुलिस लाइन भेजा गया है।
पुलिस लाइन में तैनात उपनिरीक्षक विनोद कुमार को फतेहगढ़ कोतवाली की याकूतगंज चौकी का प्रभारी बनाया गया है। याकूतगंज के प्रभारी प्रमोद कुमार को पुलिस लाइन भेजा गया। सेंट्रल जेल चौकी प्रभारी शिव कुमार को कायमगंज की कुआं खेड़ा चौकी और कुआं खेड़ा प्रभारी जितेंद्र सिंह को सेंट्रल जेल चौकी की जिम्मेदारी दी गई है।
कायमगंज में तैनात अरविंद कुमार को मंडी चौकी, मोहम्मदाबाद में तैनात कपिल कुशवाहा को ताजपुर चौकी का प्रभारी बनाया गया। शहर कोतवाली में तैनात ज्ञान प्रकाश पांडे को रेलवे रोड चौकी की जिम्मेदारी मिली है।
फैजाबाद चौकी प्रभारी प्रदीप कुमार को पुलिस लाइन भेजा गया, जबकि मोहम्मदाबाद थाने में तैनात हरीश कुमार को फैजाबाद चौकी प्रभारी बनाया गया। फतेहगढ़ कोतवाली में तैनात वीर सिंह यादव को सरह चौकी का प्रभारी नियुक्त किया गया है। अधिकारियों के मुताबिक फेरबदल का मुख्य उद्देश्य खाली चौकियों पर तैनाती कर पुलिस व्यवस्था को सुचारु बनाना है।


