28 C
Lucknow
Sunday, September 6, 2026

निर्माण कार्य के नाम पर लाखों रुपये लेने का आरोप मे डॉक्टर के खिलाफ मुकदमा दर्ज

Must read

फर्रुखाबाद। चर्च कंपाउंड निवासी राजेश मसीह की तहरीर पर कोतवाली फतेहगढ़ पुलिस ने डॉक्टर पी. कुजूर के खिलाफ धोखाधड़ी, धमकी समेत गंभीर आरोपों में मुकदमा दर्ज किया है। शिकायतकर्ता का आरोप है कि निर्माण कार्य कराने के नाम पर उससे लाखों रुपये लिए गए, लेकिन रकम लेने के बाद काम पूरा नहीं कराया गया और रुपये वापस मांगने पर धमकाया गया।
एफआईआर के अनुसार राजेश मसीह मैसर्स राज कंस्ट्रक्शन एंड सप्लायर के नाम से व्यवसाय करते हैं। उनकी मुलाकात परिवर्तन मिशन अस्पताल से जुड़े डॉक्टर पी. कुजूर से हुई थी। आरोप है कि डॉक्टर ने बताया कि वह एक स्कूल के प्रबंधक हैं और स्कूल की इमारत का निर्माण कराया जाना है। इसके लिए पर्याप्त धनराशि उपलब्ध नहीं होने की बात कहते हुए निर्माण कार्य कराने का प्रस्ताव रखा गया।
शिकायतकर्ता का आरोप है कि विश्वास में लेकर उससे 15 लाख रुपये आरटीजीएस के माध्यम से और पांच लाख रुपये नकद लिए गए। इसके बाद निर्माण कार्य में करीब एक करोड़ रुपये से अधिक का काम करा लिया गया। राजेश मसीह का कहना है कि जब उन्होंने बार-बार अपनी रकम की मांग की तो उन्हें टालने का प्रयास किया गया। बैंक से ऋण दिलाने की बात भी कही गई, लेकिन बाद में बैंक में ऋण के लिए कोई प्रस्ताव नहीं होने की जानकारी मिली।
आरोप है कि रुपये मांगने पर डॉक्टर ने अभद्रता करते हुए राजेश मसीह और उनके परिवार को धमकी दी। शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया है कि उनकी पत्नी के कहने पर उन्हें जान से मारने की धमकी दी गई तथा उनके साथ मौजूद लोगों से भी गाली-गलौज की गई।
राजेश मसीह ने पुलिस से मामले की जांच कर धोखाधड़ी और छल-कपट के जरिए उनकी धनराशि हड़पने वालों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मामले की विवेचना उपनिरीक्षक प्रमोद कुमार यादव को सौंपी गई है।

Must read

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article