हर काम में 60 फीसदी कमीशन, अब जाने वाली है सरकार
औरैया
बिधूना में रविवार को शोकसभा में पहुंचे समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने भाजपा सरकार पर जमकर हमला बोला। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार अब जाने वाली है, इसलिए सरकार और उसके लोग सामान लपेटने और लूटने में लगे हैं। अखिलेश ने आरोप लगाया कि प्रदेश में हर काम में 60 फीसदी कमीशन लिया जा रहा है और बिना रिश्वत के काम कराना मुश्किल हो गया है।
अखिलेश यादव ने बेरोजगारी और महंगाई को लेकर भी सरकार को घेरा। उन्होंने कहा कि देश और प्रदेश में बेरोजगारी लगातार बढ़ रही है, जबकि पेट्रोल-डीजल के दाम आसमान छू रहे हैं। उन्होंने ईंधन में मिलावट और एथेनॉल से वाहनों को नुकसान होने का भी आरोप लगाया। प्रदेश की सड़कों की बदहाली का जिक्र करते हुए कहा कि सड़कें गड्ढों में तब्दील हो गई हैं।
स्वास्थ्य सेवाओं और एंबुलेंस व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए अखिलेश ने कहा कि आम लोगों को समय पर इलाज नहीं मिल पा रहा है। कानून-व्यवस्था को लेकर भी उन्होंने सरकार को घेरा और आरोप लगाया कि पुलिस ठीक से काम नहीं कर रही तथा पुलिस विभाग में भ्रष्टाचार बढ़ गया है। उन्होंने कहा कि रिश्वत देने के बाद ही लोगों के काम हो रहे हैं।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पर बनी फिल्म को लेकर अखिलेश ने तंज कसते हुए कहा कि फिल्म रिलीज होने से पहले ही फ्लॉप हो गई। इस दौरान उन्होंने ‘जो राम है, वही कृष्ण है’ का नारा भी दिया। अयोध्या के राम मंदिर को लेकर भी उन्होंने सरकार पर गंभीर आरोप लगाए। अखिलेश ने आरोप लगाया कि अयोध्या में चोरी और लूट हुई है और मुख्यमंत्री द्वारा लोगों से अधिक चढ़ावा चढ़ाने की अपील के पीछे भी उन्होंने सवाल खड़े किए। उन्होंने कहा कि सरकार को आरोप-प्रत्यारोप से आगे बढ़कर जनता की समस्याओं पर ध्यान देना चाहिए।


