फर्रुखाबाद। जिला गंगा समिति के तत्वावधान में पांचाल घाट पर साप्ताहिक गंगा स्वच्छता अभियान चलाया गया। जिलाधिकारी के निर्देशन में जिला परियोजना अधिकारी निहारिका पटेल के नेतृत्व में आयोजित अभियान में गंगा योद्धाओं ने घाट पर स्वच्छता अभियान चलाकर गंदगी, खंडित मूर्तियां, प्लास्टिक, पॉलिथीन सहित अन्य अपशिष्ट सामग्री को एकत्रित कर उसका निस्तारण कराया।
अभियान के दौरान गंगा घाट पर आने वाले श्रद्धालुओं एवं स्थानीय लोगों को भी गंगा स्वच्छता के प्रति जागरूक किया गया। जिला परियोजना अधिकारी निहारिका पटेल ने कहा कि गंगा केवल एक नदी नहीं, बल्कि करोड़ों लोगों की आस्था और श्रद्धा का केंद्र है। प्रतिदिन बड़ी संख्या में श्रद्धालु गंगा में स्नान कर पूजा-अर्चना करते हैं, लेकिन जानकारी के अभाव में कई लोग पूजा सामग्री और अन्य अपशिष्ट पदार्थ गंगा में प्रवाहित कर देते हैं। इससे गंगा का जल दूषित होने के साथ-साथ घाटों पर भी बड़ी मात्रा में गंदगी जमा हो जाती है।
उन्होंने लोगों से अपील की कि गंगा की स्वच्छता बनाए रखने में सभी लोग अपनी जिम्मेदारी निभाएं। किसी भी प्रकार की पूजा सामग्री, प्लास्टिक, पॉलिथीन अथवा अन्य कचरा गंगा में प्रवाहित न करें और न ही गंगा के तट पर फेंकें। उन्होंने कहा कि गंगा को स्वच्छ रखना केवल प्रशासन की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक का कर्तव्य है।
गंगा योद्धाओं द्वारा समय-समय पर स्वच्छता अभियान चलाने के साथ ही घाट पर आने वाले लोगों को गंगा की महत्ता एवं उसकी स्वच्छता के प्रति जागरूक किया जा रहा है। अभियान के दौरान युवाओं ने घाट की सफाई कर लोगों को स्वच्छता का संदेश दिया।
अभियान के अंत में उपस्थित लोगों को गंगा स्वच्छता की शपथ दिलाई गई और गंगा को स्वच्छ एवं निर्मल बनाए रखने का संकल्प लिया गया।
इस अवसर पर समर्पण फाउंडेशन के अध्यक्ष रोहित दीक्षित, गंगा योद्धा राम रहीश कुशवाहा, घनश्याम, राघवन, ओम, कृष्णा, शनि, उत्तम, केशव, देव सहित अन्य युवा साथी मौजूद रहे।
पांचाल घाट पर गंगा योद्धाओं ने चलाया स्वच्छता अभियान, श्रद्धालुओं को गंगा निर्मल रखने का दिया संदेश


